गुजरात: अहमदाबाद में दिनदहाड़े व्यापारी का अपहरण, घटना CCTV कैमरे में कैद
एबीपी न्यूज़ | 23 Jun 2017 07:50 AM (IST)
अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में कार सवार पांच लोगों ने एक व्यापारी का सरेआम अपहरण किया है. एक अपहरणकर्ता की तस्वीर साफ-साफ सीसीटीवी में कैद हो गई है, लेकिन बुधवार की रात हुई इस वारदात में पुलिस को अबतक कोई कामयाबी नहीं मिली है. अपहरण से पहले व्यापारी के साथ जबरदस्त मारपीट भी हुई है. सीसीटीवी फूटेज में जो दिख रहा है उसके मुताबिक, किडनैपर्स एक शख्स को भी पीट रहे हैं. लेकिन वो व्यापारी नहीं हैं. बल्कि ये शख्स सड़क पर खड़ा होकर वारदात देख रहा था.इसी बात से नाराज होकर एक किडनैपर्स ने इस राहगीर की जमकर पिटाई कर दी. इस बीच दूसरे अपहरणकर्ता व्यापारी को जबरदस्ती कार की तरफ खींच रहे थे. व्यापारी ने अपनी तरफ से जब बचने की कोशिश की तो अपहरणकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की. आखिर में किडनैपर्स ने व्यापारी को जबरदस्ती कार में डाल दिया और वहां पैरों से उसे ठोकर मारने लगे. अहमदाबाद के कृष्णनगर इलाके में एक व्यापारी को जिस अंदाज में अगवा किया गया है, उससे इलाके के व्यापारियों में खौफ है. कृष्णनगर पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है लेकिन एक किडनैपर की तस्वीर साफ साफ सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद पुलिस अबतक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पायी है.