हैदराबाद: महाराष्ट्र के विहिरगांव स्टेशन पर बलहारशाह की ओर कोयला लेकर जा रही एक मालगाड़ी कल देर रात पटरी से उतर गयी जिसके कारण रेल सेवा प्रभावित हुई.
एससीआर के मुख्य जन संपर्क अधिकारी एम उमा शंकर कुमार ने यहां पर एक प्रेस रिलीज में बताया है कि दक्षिण मध्य रेलवे के बलहरशाह स्टेशन से करीब 30 किलोमीटर पहले काजीपेट-बलहारशाह खंड पर यह हादसा हुआ. यह घटना कल देर रात एक बजे घटी.
इसमें बताया गया है, ‘‘इस खंड पर दोनों दिशा से आने और जाने वाली ट्रेन सेवा प्रभावित हुई हैं.’ इसमें कहा गया है कि तत्काल युद्ध स्तर पर सेवा बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया है.
सिकंदराबाद के रेल निलयम में शुरू किये गये आपदा नियंत्रण कक्ष से सेवा बहाली उपायों की निगरानी एससीआर के अतिरिक्त महाप्रबंधक ए के गुप्ता कर रहे हैं.
