नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के 'पाकिस्तान रक्षा कर रहा'  वाले बयान पर सियासत गरमा गई है. बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने उन्हें गद्दार तक कह दिया है. गिरिराज सिंह ने कहा है कि फारूक अब्दुल्ला नमक हराम है, टुकड़े-टुकड़े गैंग है. 

Continues below advertisement

इधर, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा है कि फारूक अब्दुल्ला को सीमा के उस पार भी देखना चाहिए, और वहां के कश्मीरियों की बदहाल स्थिति पर नजर डालनी चाहिए. यहां कश्मीर में हालात अच्छे हैं, क्योंकि अनुच्छेद 370 को हटा दिया गया और कश्मीर पूरी तरह से भारत का हिस्सा बन गया है. 

कांग्रेस नेता ने भी दिया रिएक्शन

इधर, अब्दुल्ला के बयान पर कांग्रेस नेता चौधरी लाल सिंह का बयान भी सामने आया है. उन्होंने कहा है कि फारूक अब्दुल्ला साहब को राजनीति का काफी अनुभव है. वे कई बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं. कई बार सांसद भी रहे हैं. उन्होंने राज्यसभा और लोकसभा दोनों में अपनी भूमिका निभाई है. इसके अलावाव वे अपनी क्षेत्रीय पार्टी के कई बार अध्यक्ष रह चुके हैं. 

चौधरी ने अपने बयान में आगे कहा कि, उनके अनुभव के आधार पर उन्होंने जो कुछ कहा है, उसके पीछे उनका अपना तजुर्बा हो सकता है, लेकिन मैं उनकी बात से सहमत नहीं हूं. पाकिस्तान की क्या मजाल है कि वह जम्मू कश्मीर को बचा सके?  अगर आज जम्मू-कश्मीर सुरक्षित है, तो वह हिंदुस्तान की बदौलत है.

क्या बोले अब्दुल्ला, जिसपर गरमाई सियासत? बारामूला में पार्टी वर्कर्स को संबोधित करते हुए, जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम फारुक अब्दुल्ला ने कहा है कि आप दिल्ली से क्या उम्मीद कर सकते हैं? क्या आपको लगता है कि वे आपको न्याय दिलाएंगे? लड़ने का साहस रखें, वरना आप पूरी तरह खत्म हो जाएंगे. आपकी पहचान मिट जाएगी. वे आज दुनिया के दबाव के कारण चुप हैं. हमारा पड़ोसी लगातार पीछे पड़ा है. वह हर जगह जाकर कहता है कि कश्मीर का मुद्दा अभी तक सुलझा नहीं है. वह हमारी रक्षा कर रहा है. वरना, उनके इरादे तो अच्छे नहीं हैं.