नई दिल्ली: गाजियाबाद में एक दो मंज़िला मकान अचानक मलबे में तब्दील हो गया. इस हादसे मे पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पाँच लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं.

ये दर्दनाक हादसा गाज़ियाबाद के लोनी इलाके के राहत एनक्लेव में उस वक्त हुआ जब पूरा परिवार गहरी नींद मे सो रहा था. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर मलबे में दबे सभी लोगों को रेसक्यू कर बाहर निकाला. हादसे की वजह मकान का निर्माण काफी कमजोर होना बताया जा रहा है.

मकान के मलबे में दबकर घर के मालिक इमरान की पत्नी रेशमा, उसकी साली हसीना के साथ हसीना के तीन बच्चे शबा, आफिया और दनिश की मौत हो गयी. सभी घायलों को अस्पताल मे भर्ती कराया गया है.

मलबे में तब्दील हुए मकान में इमरान का परिवार रहता था, लेकिन स्कूलों में छुट्टियों की वजह से उसकी साली हसीना भी अपने बच्चों के साथ यहाँ आई हुई थी.

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गयी. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक मदद देने का भरोसा दिया है.