श्रीनगर: भारी बर्फबारी के कारण जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली तमाम फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया गया है. विमानन कंपनी गो एयर, स्पाइस जेट, इंडिगो, एयर एशिया की यहां से सभी उड़ाने रद्द हैं. वहीं, बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे भी दूसरे दिन बंद रहा.

ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जम्मू-श्रीनगर हाईवे के पास कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड की भी घटना हुई है. अधिकारियों के मुताबिक यह सुनिश्चित कर लिया गया है कि कोई भी गाड़ी लैंडस्लाइड एरिया में पार्क न हो. अधिकारियों ने बुधवार को हाईवे पर वनवे ट्रैफिक की शुरुआत की थी लेकिन बनिहाल में बर्फबारी और रामसू-रामबन एरिया में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण इसे भी रोक दिया गया.

मौसम की खराबी के कारण गेट की परीक्षा देने वाले छात्रों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. पिछले दो दिनों से फ्लाइट के कैंसिल रहने के कारण छात्र परीक्षा देने नहीं पहुंच पा रहे हैं. ऐसे में जिन छात्रों का एग्जाम छूट रहा है वो कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर के दफ्तर में खुद को रजिस्टर्ड करा सकते हैं.

गेट की परीक्षा इस साल 2 फरवरी से 10 फरवरी के बीच आयोजित की जा रही है. गेट स्कोर के आधार पर देश में एमटेक के कोर्स में छात्रों को दाखिला मिलता है. इस स्कोर के आधार पर छात्रों को पब्लिक सेक्टर यूनिट (पीएसयू) में नौकरी भी मिलती है.

यह भी पढ़ें-

संसद के सेंट्रल हॉल में लगेगा अटल बिहारी वाजपेयी का चित्र, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे अनावरणSC का आदेश- ITR फाइल करने के लिए पैन का आधार से लिंक होना जरूरी, जानें कैसे करें?देखें वीडियो-