नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में हाई कोर्ट के चार जजों को पदोन्नत करके न्यायाधीश बना दिया गया है. राष्ट्रपति ने गुरुवार को चारों की नियुक्ति का आदेश जारी किया. नई नियुक्ति में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हेमंत गुप्ता, गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आर सुभाष रेड्डी, पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मुकेशकुमार रसिकभाई शाह और त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अजय रस्तोगी हैं.

सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर डाले गये 30 अक्टूबर के प्रस्ताव के अनुसार, प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली कॉलेजियम ने केन्द्र को इन चारों जजों की नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में करने की सिफारिश की थी.

बता दें कि कॉलेजियम में प्रधान न्यायाधीश के अलावा सुप्रीम के चार वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति मदन बी लोकूर, न्यायमूर्ति कुरियन जोसफ, न्यायमूर्ति ए के सीकरी और न्यायमूर्ति एस ए बोबडे शामिल होते हैं. न्यायमूर्ति गुप्ता फिलहाल मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय जबकि न्यायमूर्ति रेड्डी गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं. न्यायाधीश शाह पटना हाई कोरेट जबकि न्यायमूर्ति रस्तोगी त्रिपुरा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश हैं. चारों कल बतौर सुप्रीम कोर्ट जज शपथ लेंगे. इससे सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 28 हो जाएगी. कुल पद 31 हैं यानी 3 पद अब भी खाली रहेंगे.