हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जाहलमा नाला उफान पर है. नाले में जलस्तर बढ़ने से सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया. इसी बीच एक गंभीर रूप से बीमार महिला को बेहतर इलाज के लिए कुल्लू रेफर किया गया, लेकिन तेज बहाव के कारण एंबुलेंस मरीज तक नहीं पहुंच सकी. ऐसे में महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के लिए एलएनटी मशीन की मदद ली गई.

Continues below advertisement

जाहलमा नाले में तेज बहाव होने की वजह से एंबुलेंस का आगे बढ़ना संभव नहीं था. मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना जरूरी था, इसलिए मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की. स्थानीय लोगों और परिजनों ने मिलकर महिला को एलएनटी मशीन के बकेट में बैठाया, ताकि उसे सुरक्षित नाले के दूसरी ओर पहुंचाया जा सके.

यह भी पढ़ें : ‘सुप्रीम कोर्ट में ऐसा कुछ नहीं कहा’, E20 को एक्सपेरिमेंट बताने वाले दावे पर सरकार का बड़ा बयान

Continues below advertisement

एलएनटी बनी सहारा

एलएनटी मशीन की मदद से महिला मरीज को सावधानीपूर्वक नाला पार कराया गया. दूसरी ओर पहले से एंबुलेंस मौजूद थी, जिसने महिला को अपने साथ लेकर कुल्लू के लिए रवाना किया. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया, जिससे मरीज को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सका.

वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परिजन और स्थानीय लोग महिला मरीज को एलएनटी मशीन के बकेट में बैठाते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उफनते नाले के कारण सामान्य आवाजाही पूरी तरह प्रभावित थी और मरीज को दूसरी ओर पहुंचाने के लिए मशीन का सहारा लेना पड़ा. लगातार बारिश के कारण लाहौल-स्पीति के कई इलाकों में सड़क संपर्क प्रभावित हो रहा है. ऐसे हालात में प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील कर रहा है.

यह भी पढ़ें : Northeast Flood : अरुणाचल-असम में 1.38 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, 5 की मौत, तबाही के बीच केंद्र का बड़ा ऐक्शन

[परी शर्मा से मिले इनपुट पर आधारित]