दिल्ली: हथियार बंद लुटेरों ने दिन-दहाड़े एटीएम नकदी वैन से लूटे 5 लाख रुपये
एजेंसी | 20 Dec 2016 09:02 AM (IST)
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर में सोमवार को दोपहर पांच लाख रूपये ले जा रही एटीएम नकदी वैन से धन लूट लिया गया. नोटबंदी के बाद राष्ट्रीय राजधानी में इस तरह का पहला मामला सामने आया है. दिल्ली पुलिस के एकवरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें दोपहर दो बजकर 15 मिनट पर एक पीसीआर कॉल आया, जिसमें यह कहा गया कि तीन बाइकसवार लोगों ने पांच लाख रुपये ले जा रहे एक बैंक अधिकारी से ब्रीफकेस छीन लिया और हवा में फायरिंग भी की. अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने अपने चेहरे हेलमेट और मफलर से ढक रखे थे इसलिए पीड़ित उन लोगों का चेहरा नहीं देख पाया. पुलिस को शक है कि कोई व्यक्ति जरूर वैन की गतिविधि को जानता था.