नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आज सुबह बेहद दुखद और दर्दनाक घटना हुई. दिल्ली के करोल बाग में होटल अर्पित पैलेस में की ऊपरी मंजिल में आग लगी. इस आग में अभी तक 17 लोगों के मारे जाने की खबर है. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि घटना की जांच की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. होटल में आग लगने पर लोगों ने होटल की बिल्डिंग से कूदकर बचाई जान. करीब 35 लोगों को रेस्क्यू कर बचाया गया.
आग की दुखद घटना के बाद होटल और दमकल विभाग अलग अलग दावे कर रहे हैं. दमकल विभाग की मानें तो आग लगने के एक घंटे बाद दमकल विभाग को खबर दी गई. जिसके चलते आग ने भयानक रूप ले लिया. वहीं होटल एसोसिएशन का कहना है कि आग लगने की जानकारी तुरंत दे दी गई थी लेकिन आधे घंटे बाद दमकर की सिर्फ दो गाड़ियां ही मौके पर पहुंची.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी करोल बाग के होटल में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ''करोल बाग में आग की घटना में गई जानों से बेहद दुखी हूं. जिन्होंने अपनों को खोया उन परिवारों के प्रति संवेदना प्रकत करता हूं. घयलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना भी करता हूं.''
जानें कैसा है होटल
होटल अर्पित पैलेस 25 साल पुराना है. यह होटल चार मंजिला है जिसमें 46 कमरे हैं. अर्पित पैलेस की वेबसाइट पर दी जानकारी के मुताबिक ये करीब 25 साल पुराना बिजनेस और बजट होटल है. होटल में दुनिया भर के मेहमानों के रुकने का दावा करता है. इसके साथ ही होटल का दावा है कि अपने ग्राहकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हैं.
होटल करोल बाग मेट्रो स्टेशन और बस स्टैंड और इंटरनेशनल एयरपोर्ट से से करीब 20 मिनट की दूरी पर हैं. इसके साथ ही होटल दिल्ली के प्रमुख बाजारों और ऐतिहासिक स्मारकों के पास स्थित हैं. होटल में सभी तरह के कमरे (महाराजा सुईट, एग्जीक्युटिव रूम, और स्टैंडर्ड रूम) मौजूद हैं.
होटल का दावा है कि सभी कमरे आधुनिक दिन सुविधाओं से सुसज्जित हैं, मेहमानों को न्यूनतम मूल्य पर अधिकतम सुविधा देते हैं. होटल में बार और रेस्टोरेंट की भी सुविधा भी मौजूद है.
इलाके के बारे में जानिए
करोलबाग, दिल्ली का एक कारोबारी इलाका है, जहां बड़े पैमाने पर व्यवसायी का जमावड़ा लगा रहता है. इस इलाके में काफी भीड़ होती है और आपसास में काफी बड़ी जनसंख्या आबाद है. इसके करीब ही नई दिल्ली रेवले स्टेशन हैं. दक्षिण दिल्ली की तुलना में ये इलाका काफी सस्ता माना जाता है.
