नई दिल्लीः देर शाम जम्मू और कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में 3 स्थानीय आंतकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है. ये आतंकी किस संगठन के थे ये अभी तक पता नहीं चल पाया है. बताया जा रहा है कि पुलवामा में सुरक्षा बलों ने आतंकियों के कब्जे वाले घर को उड़ा दिया है जिसमें तीन आंतकी मारे गए हैं.
सुरक्षाबलों को पुलवामा में इन आतंकियों के छुपे होने की सूचना मिली थी जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की. इसके बाद ये आतंकी एक घर में जाकर छुप गए और इस घर को सुरक्षाबलों ने उड़ा दिया. 3 आतंकियों को इस हमले में मौत के घाट उतार दिया गया.
रमज़ान के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन ऑलआउट पर रोक लगा दी थी जिसके बाद घाटी में आतंकियों के हमले बढ़ गए थे. इसी के चलते रमज़ान खत्म होने के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने इस ऑपरेशन को फिर जारी रखा और इसके तहत लगातार दहशतगर्दों का मारा जाना जारी है.
इसके अलावा आज सुबह ही जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के त्रेहगाम की जंगलों में में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में एक आतंकी को ढेर कर दिया गया. सेना के एक अधिकारी के मुताबिक देर रात आतंकियों के छुपे होने की सूचना मिली थी. जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया था. इसी दौरान आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. इसी दौरान एक आतंकी मारा गया.
जम्मू-कश्मीर: कुपवाड़ा मुठभेड़ में आतंकी ढेर, शोपियां में दो जवान जख्मी