नई दिल्ली: बीजेपी सांसद विनोद कुमार सोनकर की कार संसद के गेट नंबर-1 पर गलती से बूम बैरियर से टकरा गई. इसके बाद उसके पास लगीं स्पाइक्स एक्टिवेट हो गईं. स्पाइक्स के अवरोध से कार क्षतिग्रस्त हो गई जिसके तुरंत बाद सुरक्षा निगरानी बढ़ा दी गई. अधिक जानकारी का अभी इंतजार किया जा रहा है.
बता दें कि संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार से हो गई है. लोकसभा की कार्यवाही की शुरुआत दिवंगत सांसदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. वहीं, राज्य सभा में विपक्ष ने दिल्ली हिंसा पर चर्चा की मांग की. इससे पहले संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और आम आदमी पार्टी (आप) के सांसदों ने दिल्ली हिंसा पर संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया. सांसदो ने मुंह पर काली पट्टी बांध कर विरोध किया.
गौरतलब है कि बजट सत्र का दूसरा चरण तीन अप्रैल तक चलेगा और इस दौरान आम बजट को पारित करने की शेष प्रक्रियाओं को पूरा किया जाएगा. बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी को दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण से हुई थी. बजट सत्र का पहला चरण 11 फरवरी को पूरा हो गया था.
यह भी पढ़ें-
पीएम मोदी के सोशल मीडिया छोड़ने के विचार पर विपक्ष हमलावर, जमकर दी नसीहत
