Earthquake in Delhi-NCR: दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में 17 फरवरी की सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर भूंकप के झटके महसूस किए गए. इस भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.0 मापी गई. सुबह-सुबह धरती हिलने से लोग डर गए. उन्होंने कहा कि धरती ऐसे हिल रही थी मानो फटने वाली हो.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने ANI से बात करते हुए कहा, "मैं ट्रेन का वेट कर रहा था. सब भागने लगे वेटिंग रूम से. ऐसा लगा कि ट्रेन गिरी हो ऊपर से या फिर कोई ब्रिज गिरा हो."
गाजियाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति ने कहा, "भूकंप के झटके बहुत तेज थे. मैंने ऐसे झटके पहले कभी महसूस नहीं किए थे. पूरी बिल्डिंग हिल रही थी. ऐसा लगा मानो धरती फटने वाली हो."
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दूसरे यात्री ने कहा, "भूकंप के झटके की टाइमिंग तो कम थी, लेकिन स्पीड बहुत ज्यादा थी. ऐसा लगा मानो कोई ट्रेन जा रही हो."
नई दिल्ली स्टेशन पर वेंडर ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा कि भूकंप के झटके इतने तेज थे कि सब कुछ हिल रहा था. ग्राहक जो दुकान पर आए थे, वो डर की वजह से चिल्लाने लगे.
कहां-कहां महसूस हुए भूकंप के झटके?
नेशनल सीस्मोलॉजी सेंटर के मुताबिक, इस भूकंप का केंद्र धौला कुआं के पास बने झील पार्क के पास जमीन में पांच किलोमीटर की गहराई पर था. गहराई कम होने की वजह से दिल्ली-एनसीआर में झटके ज्यादा महसूस हुए. उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, सहारनपुर, अलवर, मथुरा और आगरा में झटके महसूस हुए. वहीं हरियाणा के कुरुक्षेत्र, हिसार, कैथल तक झटके महसूस किए गए. हालांकि इसमें किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR समेत हिल गया उत्तर भारत, मुरादाबाद-सहारनपुर-अलवर-मथुरा-आगरा तक महसूस हुए तेज भूकंप के झटके
