दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के एक पुल में दरार या किसी तरह के नुकसान की खबर को इंडियन नेशनल हाईवे ऑथोरिटी  (NHAI) ने गलत बताया है. NHAI के मुताबिक, पुल की स्थिति सामान्य और सुरक्षित है. सोशल मीडिया पर पुल में दरार और नुकसान से जुड़ी जो जानकारी प्रसारित हो रही है, वह सही नहीं है.

Continues below advertisement

NHAI के अनुसार, पोस्ट-मानसून रेगुलर जांच के दौरान ब्रिज डेक स्लैब के करीब 2 वर्गमीटर हिस्से में मामूली पानी का रिसाव पाया गया था. जांच में पुल की संरचना को किसी बड़े नुकसान की बात सामने नहीं आई. NHAI ने कहा कि पानी के रिसाव वाले हिस्से में एहतियात के तौर पर सुधार का काम किया जा रहा है. इसका मकसद समस्या को समय रहते ठीक करना और भविष्य में किसी परेशानी की संभावना को कम करना है.

करीब एक हफ्ते में पूरा होगा काम

NHAI के मुताबिक, यह काम उसकी नियमित और पहले से तय रखरखाव व्यवस्था के तहत किया जा रहा है. काम के दौरान सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है. इसके लिए यातायात को डायवर्ट किया गया है, ताकि मरम्मत के दौरान किसी तरह की परेशानी या जोखिम न हो. ऑथोरिटी ने बताया कि सुधार का काम करीब एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

NHAI ने लोगों से क्या कहा?

NHAI ने लोगों से अपील की है कि वे पुल में दरार या बड़े संरचनात्मक नुकसान से जुड़ी भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करें. प्राधिकरण ने कहा कि पुल सुरक्षित है और मामले में जरूरी सुधार का काम पहले ही किया जा रहा है.