Sukesh Chandrashekhar Granted Bail: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने जमानत दे दी है. अदालत ने अपने फैसले में मौलिक अधिकारों का जिक्र करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को एक उचित समय सीमा से ज्यादा समय तक जेल में रखना, उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता और त्वरित सुनवाई के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है. सुकेश को टू लीव्स सिंबल घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में राहत मिली है. फिलहाल उसकी मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं. अन्य मामलों के चलते वह बाहर नहीं आ पाएगा. उसपर करीबन 31 मामले दर्ज हैं, इनमें 26 में उसे जमानत मिल चुकी है. टू लीव्स सिंबल घोटाला सबसे चर्चित मामला रहा है. 

कोर्ट ने अपने आदेश में निर्देश दिया कि चंद्रशेखर (Sukesh Chandrashekhar) को पांच लाख रुपए के निजी मुचलका और उतनी ही राशि की जमानत पेश करने पर जमानत पर रिहा कर दिया जाए. इसके अलावा अदालत ने सुकेश पर कई शर्तें भी लगाई हैं. इन शर्तों को मुताबिक, चंद्रशेखर को गवाहों से संपर्क करने या उन्हें प्रभावित करने से रोका गया है. साथ ही उसे जांच अधिकारी को अपना पता और मोबाइल नंबर देने साथ ही पासपोर्ट जमा करने और बिना पहले से अनुमति लिए देश छोड़कर न जाने का निर्देश दिया गया है. 

क्या है टू लीव्स सिंबल घोटाला

टू लीव्स सिंबल घोटाला AIADMK का चुनाव चिन्ह पाने के लिए सुकेश चंद्रशेखर पर कथित रिश्वतखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा मामला है. साल 2017 में सामने आए इस मामले में शशिकला गुट को चुनाव आयोग से चुनाव चिन्ह दिलाने का आरोप लगा था. इसमें करोड़ो रुपये के लेन देन का आरोप है. इसकी जांच ईडी कर रही है. 

सुकेश पर 200 करोड़ की ठगी का भी आरोप

पूरा मामला साल 2021 का है. सुकेश चंद्रशेखर पर 200 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप है. यह मामला पहले भी सुर्खियों में रहा था, लेकिन साल 2021 को उस वक्त सामने आया, जब तिहाड़ जेल से ही एक बड़े घोटाले को अंजाम देने वाले ठग सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज हुआ. आरोप है कि उसने 200 करोड़ रुपए की ठगी की. बाद में जानकारी मिली थी कि सुकेश ने इस रकम का इस्तेमाल कई नामचीन हस्तियों को महंगे तोहफे देने में भी किया था. इसमें जैकलीन फर्नांडीज का नाम प्रमुखता से सुर्खियों में आया था. उस समय कहा गया था कि जैकलीन को सुकेश की ओर से कई महंगे गिफ्ट्स मिले थे. इनकी कीमत करोड़ में थी. 

यह भी पढ़ेंछात्र की बोर्ड एग्जाम कॉपी देख गदगद हुई टीचर, दिए 80 में से 80 नंबर, वीडियो हो रहा वायरल