नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 2081 हो गए हैं. सोमवार को दिल्ली में 78 नए मामले सामने आए और दो लोगों की मौत हो गई. फिलहाल कुल 1603 एक्टिव मरीज हैं. अब तक दिल्ली में 47 लोगों की कोरोना वायरस के वजह से मौत हो गई है और इलाज के बाद 431 लोग रिकवर हो चुके हैं. सोमवार को दिल्ली सरकार ने इस बात की जानकारी दी.

दिल्ली सरकार के मुताबिक, सोमवार को कुल 1513 टेस्ट किए गए. अभी तक कुल 25900 लोगों के टेस्ट किए गए हैं. इसमें से 20712 टेस्ट नेगेटिव पाए गए हैं. 2711 टेस्ट का रिजल्ट अभी पेडिंग है. वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में हॉटस्पॉट जोन से रैपिड टेस्टिंग की शुरुआत हो चुकी है.

इसके अलावा ये भी जानकारी दी गई कि दिल्ली में पांच और कंटेनमेंट जोन की पहचान की गई है. अब राज्य में कुल 84 कंटेनमेंट जोन हो गए हैं. तुगलकाबाद एक्सटेंशन में लेन 24-28, जहांगीरपुर का जी-ब्लॉक, संजय एनक्लेव में फ्लैट नंबर 265 से 500, त्रिलोकपुरी का ब्लॉक 34 और शालीमार बाग का ब्लॉक एएफ की पहचान सोमवार को कंटेनमेंट जोन के रूप में की गई है.

वहीं देश में जारी लॉकडाउन के बीच दिल्ली सरकार ने करीब 23 हजार पैरा ट्रांजिट वाहन चालकों को आर्थिक सहायता के रूप में पांच-पांच हजार रुपये दिए हैं. परिवहन मंत्री कैलाश गलहोत ने सोमवार को बताया कि लॉकडाउन के बीच दिल्ली सरकार की इस सहायता योजना की शुरूआत के बाद उसे एक लाख साठ हजार आवेदन पत्र मिले और उनमें से 23000 आवेदकों को अब तक यह आर्थिक सहायता दी गई है.

लॉकडाउन के दौरान सार्वजनिक परिवहन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाये जाने के बाद ऑटो, टैक्सी, ई रिक्शा समेत पैरा ट्रांजिट वाहन चालक आर्थिक मुश्किलों में पड़ गए हैं. गहलोत ने कहा, 'हमें एक लाख साठ हजार आवेदन मिले.सोमवार तक दिल्ली सरकार ने 23 हजार ऑटो, ई-रिक्शा, ग्रामीण सेवा चालकों को आर्थिक सहायता प्रदान की है और 20 हजार अन्य आवेदनों का सत्यापन किया जा रहा है. उन्हें भी जल्द ही धन मिलेगा.’’

कोरोना संक्रमित जिन मरीजों में लक्षण नहीं दिखेगा उन्हें कोविड देखभाल केंद्र में रखा जाएगा- सत्येंद्र जैन