जयपुरः कोरोना संक्रमण को देखते हुए 14 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है. डॉक्टर कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए दिन रात काम में जुटे हुए हैं तो वहीं सड़कों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने के लिए पुलिस कमर कसे हुए है. लॉकडाउन को तोड़कर बाहर निकलने वाले लोगों के लिए पुलिस सजा भी दे रही है. इसी क्रम में जयपुर पुलिस ने ऐसा करने वालों के लिए अनोखी सजा का एलान किया है.
जयपुर पुलिस ने गुरुवार को ट्वीट कर एक पोस्टर शेयर किया और लिखा, ''मत उड़ियो, तू डरियो, ना कर मनमानी, मनमानी, घर में ही रहियो, ना कर नादानी, ऐ मसक्कली, मसक्कली...''
जयपुर पुलिस की ओर से शेयर किए पोस्ट में चेतावनी के तौर पर लिखा गया है, ''अगर आप बेवजह इधर-उधर घूमते मिले, तो हम आपको एक कमरे में बंद कर देंगे और लूप पर ‘मसक्कली 2.0 बजा देंगे.''
बता दें कि बीते दिनों मुंबई पुलिस ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया था. इस वीडियो में दिखाया गया कि कैसे वे लोग पूरे शहर को सुरक्षित रखने के लिए अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं.
मुंबई पुलिस की ओर से ट्वीट किए गए इस वीडियो के बाद आलिया भट्ट, सुनील शेट्टी और अजय देवगन समेत कई सिलेब्स ने इसे शुक्रिया कह रीट्वीट किया था.
