मुंबई: देश भर में कोविड-19 के मद्देनजर लागू लॉकडाउन के बीच एक प्रेमी जोड़े ने शादी कर ली है. रामकिशन चव्हाण नाम के व्यक्ति ने यहां कांदीवली उपनगर के मंदिर में अपनी प्रेमिका रीमा सिंह से शादी की. इस दौरान सामाजिक दूरी बनाए रखने के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया. विवाह के बाद दंपति ने कहा, “हमारा रिश्ता पिछले पांच साल से था और हमने इस महीने शादी करने का फैसला किया था.” भले ही बंद के चलते धूमधाम से शादी करने की उनकी योजना पर पानी फिर गया हो. लेकिन दंपति शादी को टालना नहीं चाहते थे, क्योंकि कर्फ्यू की अवधि बढ़ने की काफी अफवाहें थीं. उन्होंने कहा, “हमने स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता से संपर्क किया जिन्होंने हलफनामा तैयार कराने में हमारी मदद की. हमने मास्क पहनकर और सामाजिक दूरी बनाए रखने संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए मंदिर में शादी की.” दंपति ने कहा कि बंद के चलते हमारा परिवार और दोस्त इस शादी में शामिल नहीं हो सके लेकिन हमारा उत्साह फीका नहीं पड़ा. ये भी पढ़े-कोरोना वायरस: महाराष्ट्र देश में सबसे ज्यादा प्रभावित, मरने वालों की संख्या 100 के करीब पहुंची