लखनऊ: कोरोना वायरस के मद्देनजर देश के कई शहरों में लॉकडाउन है. लोग घरों में बंद है और इस भयानक वायरस से लड़ रहे हैं. वहीं कुछ लोग नियमों का सख्ती से पालन नहीं कर रहे हैं. अब इसको लेकर गाजियाबाद एसएसपी ने आदेश जारी किया है.
गाजियाबाद एसएसपी ने आदेश में कहा है कि सभी थाने और अधिकारियों को आदेश दिए जाते हैं कि पूर्ण रूप से लॉक डाउन का पालन कराए. अगर कोई नियम तोड़ता है तो नियम तोड़ने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए.
बता दें कि आज ही सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि लॉकडाउन को अभी भी कई लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. कृपया करके अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें. पीएम मोदी ने राज्य सरकारों से अनुरोध किया था कि वो नियमों और कानूनों का पालन करवाएं.
बता दें कि भारत में भी कोरोना का कहर जारी है. अब तक देश में कुल 418 लोगों को कोरना संक्रमित पाया गया है. इसमें से 24 ठीक होकर घर लौट गए हैं जबकि सात लोग इस भयंकर वायरस की चपेट में आकर अपनी जान गवां चुके हैं.
