नई दिल्लीः कांग्रेस के नेतृत्व में कुछ विपक्षी दलों की ओर से मंगलवार को संविधान दिवस के मौके पर संसद की संयुक्त बैठक का बहिष्कार किए जाने की संभावना है. विपक्षी दल महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे.

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस, वाम दल, एनसीपी, टीएमसी, आरजेडी, टीडीपी और डीएमके की ओर से महाराष्ट्र में राजनीतिक घटनाक्रम और देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद और अजित पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाने के खिलाफ संसद परिसर के भीतर अंबेडकर प्रतिमा के पास संयुक्त प्रदर्शन करने की योजना है.

सूत्रों ने बताया कि विपक्षी दल सुबह में संयुक्त बैठक भी करेंगे और संविधान दिवस समारोह के बहिष्कार पर अंतिम फैसला करेंगे. इसका मकसद महाराष्ट्र में सियासी घमासान को देखते हुए विपक्ष को एकजुटता दिखाना है.

बीजेपी की पूर्व सहयोगी शिवसेना के भी विरोध में हिस्सा लेने की संभावना है. शिवसेना के नेता अनिल देसाई, अरविंद सावंत और कुछ अन्य नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की और कांग्रेस की ओर से होने वाले विरोध को अपना समर्थन दिया.

सरकार संविधान सभा की ओर से संविधान स्वीकार करने के 70 साल होने के मौके पर संसद के केंद्रीय कक्ष में मंगलवार को संविधान दिवस मनाने वाली है. इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांसदों को संबोधित करेंगे.

शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी के विधायकों ने ली कसम, कुछ ऐसा नहीं करेंगे जिससे बीजेपी को फायदा हो

Special Report: किस आधार पर महाराष्ट्र में सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं राजनीतिक दल ?