PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (30 अप्रैल) को अपने शो 'मन की बात' का 100वां एपिसोड प्रसारित करने जा रहे हैं. कांग्रेस के दिग्गज नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी के कार्यक्रम के मद्देनजर उनका घेराव किया है. उन्होंने पीएम के शो 'मन की बात' को 'मौन की बात' बताया है. उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी की राज्य सरकारों पर सवाल उठाए हैं.

पीएम मोदी के शो को लेकर बीजेपी की ओर से कई तैयारियां की गई हैं. अपने शो के प्रसारण से पहले पीएम मोदी ने ट्वीट के जरिए लोगों को उनके 'मन की बात' सुनकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है. वहीं अब कांग्रेस के कद्दावर नेता जयराम रमेश ने देश की स्थिति पर बात करते हुए उनपर सवालिया निशान लगा दिए हैं.

'मन की बात' नहीं 'मौन की बात'!जयराम रमेश ने अपने ट्वीट में लिखा, 'मन की बात का 100वां दिन बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है. लेकिन यह चीन, अडानी, बढ़ती आर्थिक असमानता, आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती महंगाई, जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले, महिला पहलवानों का अपमान, किसान संगठनों से किए गए वादों को पूरा न करने, तथाकथित भ्रष्टाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कर्नाटक जैसी डबल इंजन की राज्य सरकारों के लिए मौन की बात है. आईआईएम रोहतक ने मन की बात के प्रभावों पर कुछ सिद्धांतबद्ध अध्ययन किए जब इसके निदेशक की अकादमिक साख पर खुद शिक्षा मंत्रालय ने सवाल उठाए थे.'

जयराम रमेश के इस ट्वीट पर आमजन भी खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक ट्विटर यूजर ने लिखा, 'करोड़ों बेरोजगार युवाओं, देश के किसानों, जवानों और महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों की 'मन की बात' कब सुनेंगे?.' गौरतलब है कि रविवार को पीएम मोदी अपने खास शो मन की बात का 100वां एपिसोड पूरे करने जा रहे हैं जिसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.

ये भी पढ़ें: Mahua Moitra On Wrestlers Protest: 'एथलीट बेटियों को शिकारियों से क्यों नहीं बचाया जा सकता?' महुआ मोइत्रा का BJP पर वार