Gujarat News: गुजरात के नर्मदा जिले में एक शख्स ने कथित तौर पर अपने बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक, छोटी सी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी. विवाद खेत में टमाटर को तोड़ने को लेकर हुआ था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. 

पुलिस के मुताबिक, सागबारा तहसील के धलवीवेर गांव में रहने वाले दो भाइयों के बीच झगड़ा हुआ था. आरोपी का नाम मासिराम कायला वसावा और उसके बड़े भाई का नाम काशिराम बताया गया है. मानसिराम कायला वसावा के खेत में इस समय टमाटर की फसल लगी हुई है. बड़ा भाई छोटे भाई के खेत से रोज टमाटर तोड़कर ले जाता था. यह बात मासिराम को अच्छी नहीं लगती थी. रविवार की दोपहर काशिराम खेत में टमाटर तोड़ रहा था. काशिराम को टमाटर तोड़ता देख छोटा भाई मासिराम आग बबूला हो गया. उसने ऐसा करने से मना किया. इस पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया. देखते ही देखते हाथापाई भी होने लगी. इस बीच छोटे भाई ने बड़े भाई के पेट पर चाकू मार दिया.

आईपीसी की धारा 302 के तहत दर्ज हुआ केस

पुलिस के मुताबिक, काशिराम के पेट पर कई बार चाकू से हमला किया गया, जिसके चलते खून बह जाने से शख्स की मौके पर ही मौत हो गई. काशिराम की मौत की खबर गांव में फैलते ही गांववाले और पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. सागबारा के पुलिस इंस्पेक्टर पीवी पाटिल ने कहा, ''छोटे भाई को बड़े भाई का उसके खेत से रोज टमाटर तोड़ना पसंद नहीं था. इसे लेकर दोनों में विवाद हुआ. जिसके बाद मासिराम ने काशिराम की चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.''

ये भी पढ़े- 

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक! होशियारपुर में सुरक्षा घेरे को तोड़कर करीब पहुंचा शख्स