नई दिल्ली: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की पहली बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर आयोजित की गई. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की अगुवाई में हुई बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, रघुवर दास, ओम प्रकाश माथुर, अर्जुन मुंडा, शाहनवाज हुसैन के साथ अन्य नेता शामिल हुए.
चुनाव समिति की पहली बैठक में पहले चरण की लगभग सभी सीटों पर मंथन हुआ. जिसके बाद माना जा रहा है कि पहली सूची कभी भी जारी की जा सकती है. रविवार दोपहर तक पहली सूची आ सकती है. गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा चुनाव पांच चरणों में संपन्न होगा. पहले चरण के नामांकन की अंतिम तिथि 13 नवंबर है. 13 नवंबर से पहले बीजेपी को पहले चरण की सभी सीटें घोषित करनी है.
जिसको लेकर शनिवार देर रात प्रधानमंत्री आवास पर केंद्रीय चुनाव समिति की पहली बैठक आयोजित की गई. इस दौरान करीब 40 विधानसभा सीटों पर चर्चा की गई. शाम 7:30 बजे से शुरू हुई बैठक रात करीब 10:15 बजे समाप्त हुई. इस दौरान कुछ सीटों पर झारखंड के नेताओं के बीच आपसी गतिरोध भी सामने आया. जिसे बाद में जेपी नड्डा के घर पर बैठकर सुलझाया गया. सूत्रों की माने तो बीजेपी ने उनके गतिरोधों को दूर करते हुए रविवार दोपहर पहली सूची जारी करने का निर्णय लिया है. जिसके बाद मंगलवार को बीजेपी के उम्मीदवार अपना नामांकन कर सकेंगे.
