नवजोत सिंह सिद्धू के AAP में शामिल होने को लेकर भगवंत मान ने दिया ये बड़ा बयान
एबीपी न्यूज़, एजेंसी | 01 Mar 2020 10:58 PM (IST)
पंजाब में आप नेता भगवंत मान ने सिद्धू के आम आदमी पार्टी में शामिल होने को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि अगर सिद्धू आप में शामिल होने का निरणय लेते हैं तो उनका स्वागत है.

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख भगवंत मान ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू अगर आम आदमी पार्टी में शामिल होने का निर्णय करते हैं तो उनका स्वागत करने वाले वह पहले व्यक्ति होंगे. हालांकि इसको लेकर उन्होंने सिद्धू से कोई बातचीत नहीं की है. पंजाब में 2022 में अगला विधानसभा चुनाव होना है और ऐसी अटकलें हैं कि आप सिद्धू को पार्टी में शामिल कराना चाह रही है. इन अटकलों के बीच मान ने कहा कि वह क्रिकेटर से राजनेता बने सिद्धू को यह प्रस्ताव दे चुके हैं. हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उन्होंने इस बारे में सिद्धू से कोई बातचीत नहीं की है. संगरूर से आप सांसद मान ने कहा, "मैं यह प्रस्ताव दे चुका हूं लेकिन इस बारे में कोई बातचीत नहीं हुई है. नवजोत सिंह सिद्धू एक बेहद इमानदार व्यक्ति हैं. मैं क्रिकेट के दिनों से ही उनका बड़ा प्रसंशक रहा हूं और जब वह आउट हो जाते थे तो मैं टीवी बंद कर देता था. मैं अब भी उनका प्रसंशक हूं और भविष्य में भी रहूंगा. अगर वह हमारी पार्टी में शामिल होते हैं तो मैं सबसे पहले उनका स्वागत करूंगा." मान ने कहा, "बिना किसी व्यक्तिगत हित के पंजाब के कल्याण के लिए काम करने वाले सभी लोगों के लिए पार्टी के दरवाजे हमेशा खुले हैं. अगर सिद्धू आम आदमी पार्टी में आना चाहें तो उनका स्वागत है." बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के आम आदमी पार्टी में शामिल होने को लेकर खबरें सामने आईं थीं. ये भी पढ़ेंशरद पवार का पीएम मोदी- अमित शाह पर निशाना, दिल्ली हिंसा के लिए बताया केंद्र सरकार को जिम्मेदारबिहार: CM नीतीश कुमार बोले- अल्पसंख्यकों के लिए कर रहे काम, ये देश सभी का