Bengaluru techie suicide: बेंगलुरु में 24-वर्षीय एक इंजीनियर के कथित तौर पर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि उसके करीबी रिश्तेदार (चाचा-चाची) ने उसे धमकी दी थी कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेगी तो वह पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें उसके माता-पिता को भेज देगा. आरोपी की पहचान प्रवीण सिंह के रूप में हुई है. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
पीड़िता की मां ने प्रवीण सिंह और उसकी पत्नी संध्या सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायतकर्ता के हवाले से बताया कि पीड़िता ज्यादातर समय प्रवीण और संध्या के घर पर ही बिताती थी और छुट्टियों में उनके साथ घूमने भी जाती थी. 12 जनवरी 2025 को रात 8.40 बजे पीड़िता की मां को बताया गया कि उनक बेटी जल गई है और उसे विक्टोरिया अस्पताल ले जाया जा रहा है. जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो पीड़िता बेहोशी की हालत में एंबुलेंस में पड़ी थी और उसके शरीर पर कई जगह जलने के निशान थे.
होटल में बुलाकर आरोपी ने धमकाया
आरोपी ने पीड़िता को तब परेशान करना शुरू कर दिया जब वह किसी और से मिलने लगी. पुलिस ने बताया कि रविवार (12 जनवरी) को कुंडलाहल्ली मेट्रो स्टेशन के पास एक होटल में दोनों ने अपने मुद्दों को सुलझाने के लिए मुलाकात की थी. आरोपी का मोबाइल फोन और पेन ड्राइव जब्त कर लिया गया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया है.
दादा-दादी के घर में रहती थीं मृतका
मृतका एक निजी फर्म के लिए सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करती थी. वह पिछले छह सालों से थिरुमालाशेट्टीहल्ली में अपने दादा-दादी के घर में रह रही थी. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पीड़िता को मिलने के लिए होटल बुलाया था, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने कमरे के अंदर अपने ऊपर कुछ ज्वलनशील पदार्थ डाला और खुद को आग लगा ली.
