पुणे: कांग्रेस नेता और बाल गंगाधर तिलक के परपोते रोहित तिलक के खिलाफ एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार का मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. कांग्रेस नेता के खिलाफ कल देर रात विश्रामबाग थाना में मामला दर्ज किया गया था.
रोहित स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक के परपोते और दिवंगत जयंतराव तिलक के बेटे हैं. जयंतराव कांग्रेसी नेता और सांसद थे.
पुलिस ने बताया है कि 41 साल की शिकायतकर्ता और रोहित वर्ष 2015 में एक कार्यक्रम में मिले थे और बाद में वे सोशल मीडिया साइट पर एक दूसरे से संपर्क में थे.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रोहित ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ बलात्कार किया.’’ रोहित ने बीजेपी के गिरीश बापट के खिलाफ पुणे में कसबा पीठ सीट से 2014 में महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव लड़ा था.