जयपुर: अशोक गहलोत तीसरी बार राजस्थान के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. इसके अलावा वह राज्य में तीसरी बार सीएम बनने वाले चौथे नेता हैं. गहलोत से पहले भैंरोसिंह शेखावत और हरिदेव जोशी भी तीन-तीन बार सीएम बने थे. हालांकि, मोहन लाल सुखाड़िया सबसे अधिक चार बार इस पद पर रहे हैं. इससे पहले गहलोत साल 1998 में पहली बार मुख्यमंत्री बने थे. तब उनका कार्यकाल 2003 तक रहा था. फिर वह साल 2008 से 2013 तक दूसरा कार्यकाल पूरा करने में सफल रहे थे.
गहलोत से पहले हरिदेव जोशी 1973-77, 1985-88 और साल 1989-90 तक मुख्यमंत्री रहे जबकि, भैरोंसिंह शेखावत 1977-80, 1990-92 और 1993-98 के कार्यकाल में तीन बार मुख्यमंत्री रहे.
हालांकि, कांग्रेस नेता मोहन लाल सुखाड़िया सबसे अधिक चार बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे हैं. वह साल 1954-57, 1957-62, 1962-67 और 1967-71 तक सूबे के मुख्यमंत्री रहे. अशोक गहलोत जोधपुर की सरदारपुरा सीट से लगातार पांचवीं बार विधायक बने हैं. इससे पहले वे जोधपुर सीट से लगातार पांच बार सांसद रहे और केंद्र मंत्री भी रह चुके हैं.
कुछ देर पहले ही प्रदेश के भावी सीएम और डिप्टी सीएम राजस्थान के राज्यपाल भवन पहुंचे थे. जहां दोनों अपनी दावेदारी पेश करने पहुंचे थे. आपको बता दें कि आलाकमान ने कई दौर में चली बैठक के बाद सूबे की कमान अशोक गहलोत के हाथों सौंपी.
यह भी पढ़ें-
30 साल बाद: पिता की तरह ज्योतिरादित्य सिंधिया भी CM बनते-बनते रह गए
IB, RAW प्रमुख का कार्यकाल छह महीने बढ़ा, छह-छह महीने का सेवा विस्तार हुआ
देखें वीडियो-
