नई दिल्लीः जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के एलान के तुरंत बाद ही बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने अपना रुख साफ कर दिया है. राज्यसभा में पार्टी के नेता सतीश चंद्र मिश्र ने जम्मू कश्मीर के मसले पर मौजूदा सरकार को समर्थन देने का एलान कर दिया है. सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि हमारी पार्टी सरकार के इस फैसले का स्वागत करती है और हम चाहते हैं कि यह बिल जल्द से जल्द पास होकर कानून बने.

सतीश चंद्र मिश्र ने कहा, ''हमारी पार्टी इसका पूरी तरह से समर्थन करती है और हम चाहते हैं कि ये जल्द से जल्द पास होना चाहिए.'' बता दें कि बीएसपी की प्रमुख मायावती हैं.

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक संकल्प पत्र पढ़कर राज्य से अनुच्छेद 370 को हटाना की बात कही. जैसे ही अमित शाह ने इसे पढ़ना शुरू किया सदन में भारीं हंगामा शुरू हो गया. अमित शाह ने जैसे ही इसे पढ़कर खत्म किया सदन में जमकर हंगामा शुरू हो गया.

गृह मंत्री के इस एलान के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कड़ी आपत्ति जताई है. अमित शाह के एलान को लोकतंत्र के लिए काला दिन बताया. वहीं बीजेपी की सहयोगी पार्टी जेडीयू ने भी इसका विरोध किया.

अनुच्छेद 370 को हटाने से पहले राज्य में भारी संख्या में अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं. जम्मू कश्मीर में धारा 144 लागू कर दी गई है. प्रशासन की ओर से एडवाइजरी जारी कर राज्य में सभी स्कूल और कॉलेज को बंद कर दिया गया है.

किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों और जवानों को अलर्ट पर खखा गया है. इस फैसले की भी भनक किसी को नहीं लगी. लोग बस कयास ही लगाते रहे.

धारा 370 पर सरकार के फैसले का JDU ने किया विरोध, जानिए कौन-सी पार्टी है मोदी के साथ और कौन-सी है खिलाफ

जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की सिफारिश, मोदी सरकार के फैसले पर देश में जश्न