चेन्नई: तमिलनाडु सरकार ने पिछले सप्ताह तूतीकोरिन में स्टरलाइट कॉपर स्मेलटर प्लांट के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में मारे गए 13 लोगों के परिवारों को दी जाने वाली मुआवजा राशि 10 लाख रूपये से बढ़ाकर 20 लाख रूपये कर दी है. गंभीर रूप से घायलों को दी जाने वाली मुआवजा राशि तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख रूपये कर दी गयी है. मामूली रूप से घायलों को एक लाख रूपये की बजाए डेढ़ लाख रूपये मिलेगा.
मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने कहा है कि विभिन्न धड़ों और हिंसा की जांच के लिए बने आयोग की ओर से सरकार को किये गए आग्रह के बाद उन्होंने मुआवजा राशि बढ़ा दी है. हिंसा की घटना के बाद 22 मई को मुआवजा राशि की घोषणा की गयी थी. डीजीपी टी के राजेंद्रन ने हिंसा की घटना को ‘‘ बहुत दुर्भाग्यपूर्ण ’’ बताया और कहा कि जांच आयोग की रिपोर्ट आने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी.
स्टरलाइट प्रदर्शन: तूतीकोरिन में धारा 144 लागू, जाएगी करीब 30 हजार नौकरी
स्टरलाइट कॉपर प्लांट को बंद करने की मांग करने वाले प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने 22 मई को गोलियां चलाई थी, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी. प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना था कि यह कृषि भूमि को नष्ट कर रहा है और इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं को खराब कर रहा है. पुलिसिया बर्बरता के बाद विपक्षी दल पलानीस्वामी की सरकार पर लगातार सवाल उठा रही है. पिछले दिनों राज्यव्यापी हड़ताल कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी और मुआवजा राशि बढ़ाने के लिए दबाव बनाया था.
