नई दिल्ली: कर्नाटक चुनाव के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए अमित शाह ने कांग्रेस और जेडीएस पर जमकर हमला बोला. अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक चुनाव के बाद कांग्रेस को सुप्रीम कोर्ट, ईवीएम और चुनाव आयोग अच्छे लगने लगे हैं. अमित शाह ने कांग्रेस पर विधायकों के बंधक बनाने के आरोप लगाते हुए कहा कि अगर कर्नाटक में विधायक बंधक ना होते तो बीजेपी की सरकार होती. उन्होंने कहा कि हम पर हॉर्सट्रेडिंग के आरोप लगाए जा रहे हैं, कांग्रेस तो पूरा अस्तबल बेच खाया.

अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस की दस बड़ी बातें

1. अमित शाह ने कहा, "कर्नाटक में जेडीएस और कांग्रेस ने एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ा. जनता ने उसे वोट दिया जो कांग्रेस को हरा सकता था. मैं इसे कन्फ्यूज़ जनादेश नहीं मानता. कांग्रेस को कर्नाटक की जनता को बताना चाहिए कि वो किस बात का जश्न मना रहे हैं. उनके आधे मंत्री चुनाव हार गए हैं उसका जश्न है, 122 से 78 सीट पर आने का जश्न मना रहे हैं या PPP (पंजाब, पुद्दुचेरी और परिवार पार्टी) होने का जश्न मना रहे हैं.''

2. अमित शाह ने कहा, ''कांग्रेस प्रचार कर रही है कि बीजेपी नौ लोकसभा चुनाव हार गई. 2014 से हम नौ लोकसभा सीट जरूर हारे हैं लेकिन हमने कांग्रेस से 14 राज्य छीन लिए. कांग्रेस को देखना चाहिए कि कौन सी हार ज्यादा बड़ी है. मैं कामना करता हूं कांग्रेस की विजय की यही परिभाषा बनी रहे.''

3. अमित शाह ने कहा, ''कांग्रेस की लोकतांत्रिक संस्थाओं में आस्था बन गई, उन्हें सुप्रीम कोर्ट, ईवीएम और चुनाव अच्छा लगने लगा है. ये शुभ संकेत हैं, मैं आशा करता हूं कि जब कांग्रेस चुनाव हारे तो तब भी उनका विश्वास सुप्रीम कोर्ट, ईवीएम और चुनाव आयोग में बना रहे. वो सुप्रीम कोर्ट के जज के खिलाफ महाभियोग ना लेकर आएं.''

4. अमित शाह ने कहा, ''कई लोग कह रहे हैं कि पू्र्ण बहुमत नहीं था तो बीजेपी ने सरकार बनाने के दावा क्यों किया? कर्नाटक में किसी को बहुमत नहीं मिला तो क्या फिर से चुनाव कराए जाएं. सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते हमने सरकार बनाने का दावा पेश किया.''

5. अमित शाह ने कहा, ''पार्टी की ओर से कर्नाटक की जनता का आभार व्यक्त करना चाहता हूं. बीजेपी कर्नाटक में सबसे दल बनकर सामने आई है. इस चुनाव से पहले हमें 40 सीटें मिली थीं, अब 104 सीट के साथ हम सामने आए हैं. वोट शेयर में भी वृद्धि हुई है.''

6. अमित शाह ने आरोप लगाया कि नतीजों के बाद कांग्रेस ने अपने विधायकों को पांच सितारा होटल में बंधक बनाया. उन्होंने कहा कांग्रेस और जेडीएस अगर अपने विधायकों को विजय जुलूस भी निकालने देते तो आज कर्नाटक में बीजेपी की सरकार होती. पांच सितारा बंदिश की वजह से कर्नाटक में बीजेपी की सरकार नहीं बनी.

7. अमित शाह ने कहा, ''पार्टी की ओऱ से कर्नाटक की जनता का आभार व्यक्त करना चाहता हूं. बीजेपी कर्नाटक में सबसे दल बनकर सामने आई है. इस चुनाव से पहले हमें 40 सीटें मिली थीं, अब 104 सीट के साथ हम सामने आए हैं. वोट शेयर में भी वृद्धि हुई है.''

8. अमित शाह ने कहा, ''गोवा और मणिपुर में सबसे बड़ी पार्टी होने के बाद भी कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया. इसीलिए राज्यपाल ने हमें न्योता दिया. कर्नाटक में हम सबसे बड़ी पार्टी के नाते हमने पहले दावा पेश किया.''

9. अमित शाह ने कहा, ''कांग्रेस प्रचार कर रही है कि हम 14 लोकसभा उपचुनाव हार गए. हमने कांग्रेस से 14 राज्य छीन लिये. 9 उपचुनावों में हार बड़ी है या 14 राज्यों के चुनाव में हार बड़ी है, कांग्रेस ने हार में भी जीत ढूढ़ने का नायाब तरीका खोज लिया है.''

10. अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट को प्रभावित करने के लिए झूठ बोला कि येदुरप्पा जी ने सरकार बनाने के लिए सात दिन का समय मांगा. कांग्रेस को इस बात का प्रमाण देना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झूठ फैलाया कि बीजेपी ने विधायकों को खरीदने के लिए पत्नियों को फोन किया.