यात्रीगण कृपया ध्यान दें : अब सिर्फ 99 रुपये में कर सकेंगे हवाई सफर
ABP News Bureau | 13 Nov 2017 05:19 PM (IST)
यात्रियों को घरेलू उड़ानों का टिकट 99 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का टिकट 444 रुपये के मूल किराये (बेस फेयर) पर उपलब्ध होगा.

नई दिल्ली : अगर आप काफी दिनों से हवाई यात्रा करने का मन बना रहे हैं और बजट की वजह से हर बार आपका प्लान कैंसिल हो रहा है तो अब आपको इसके लिए चिंता करने की जरूरत नहीं है. मलेशियाई कंपनी एयर एशिया ने एक तरफ की हवाई यात्रा पर बड़ी छूट की पेशकश की है. इस छूट के तहत यात्रियों को घरेलू उड़ानों का टिकट 99 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का टिकट 444 रुपये के मूल किराये (बेस फेयर) पर उपलब्ध होगा. कंपनी के जारी एक बयान के मुताबिक इस पेशकश के टिकटों की बुकिंग रविवार रात से शुरू होगी और 19 नवंबर तक चलेगी. यह टिकट अगले साल मई से लेकर जनवरी 2019 की उड़ानों के लिए बुक किए जा सकेंगे. टिकटों की बुकिंग एयर एशिया की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से की जा सकती है. कपंनी के मुताबिक अब आप घरेलू उड़ानों के लिए 99 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 444 रुपये के मूल किराये पर यात्रा का लाभ उठा सकते है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि विमान किराए में बड़ा हिस्सा फ्यूल सरचार्ज, एयरपोर्ट शुल्क, टैक्स और अन्य शुल्कों का होता है. एयर एशिया इंडिया एक ज्वाइंट वेंचर है जिसमें टाटा संस की हिस्सेदारी 51 प्रतिशत और एयर एशिया की हिस्सेदारी 49 प्रतिशत की है. एयरएशिया ऐसे छूट वाले टिकटों की बिक्री भारत में बेंगलुरु, कोच्चि, हैदराबाद, रांची, भुवनेश्वर, कोलकाता, नई दिल्ली और गोवा से संचालित घरेलू उड़ानों के लिए करेगा.