नई दिल्ली: राष्ट्रीय विमानन कंपनी एयर इंडिया की एक उड़ान से रात चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर में फंसे 165 फंसे यात्रियों को वापस लाया गया जबकि दूसरी उड़ान 85 यात्रियों को लाने के लिए कल कोलकाता से रवाना होगी.
पोर्ट ब्लेयर में एयर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि चेन्नई से आयी उड़ान 165 पर्यटकों को लेकर रात करीब 9 बजकर 35 मिनट पर रवाना हुई. कोलकाता की उड़ान रात करीब 12:30 बजे पहुंचेगी जो 85 यात्रियों को लेकर जाएगी.
अंडमान निकोबार प्रशासन की प्रेस रिलीज के अनुसार आज दिन में 1:30 तक पोर्ट ब्लेयर से 437 और पर्यटक निकाले गए थे.
कल 7 जहाजों एवं 6 हेलीकॉप्टरों ने अंडमान के दो द्वीपों से कई विदेशी नागरिकों समेत सभी 2376 पर्यटकों को निकाला था जो चक्रवाती मौसम के चलते 5 दिसंबर से वहां फंसे थे.
कल मौसम में सुधार होने पर नौसेना, तटरक्षक बल, वायुसना और केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया और अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के हैवलॉक और नील द्वीपों से सभी फंसे पर्यटकों को पोर्ट ब्लेयर लाया गया.
केंद्रशासित प्रदेश के आपदा विभाग के एक अधिकारी ने कहा था, ‘‘सभी 2376 पर्यटकों को दो द्वीपों से निकालकर पोर्ट ब्लेयर लाया गया. सभी सुरक्षित हैं तथा उनकी देखभाल की जा रही है.’’ उन्होंने बताया कि नौसेना और प्रशासन के सात जहाजों के लिए अलावा वायुसेना का एमआई 17 वी-5 सैन्य मालवाहक हेलीकॉप्टर, संघशासित क्षेत्र प्रशासन के तीन पवन हंस हेलीकॉप्टर यात्रियों को निकालने के लिए लगातार द्वीपों के बीच चक्कर काट रहे हैं.
यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर हैवलॉक और नील द्वीप अंडमान में सबसे लोकप्रिय पर्यटक आकषर्ण केंद्र हैं जहां पर्यटक मूसलाधार वर्षा के चलते सोमवार से फंसे हुए थे.
