भारतीय जनता पार्टी एक विवादित वीडियो शेयर करके राजनीति हलचल बढ़ा दी है. असम बीजेपी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिखाई दे रहे हैं. अहम बात यह है कि बीजेपी ने इस वीडियो में एक खास समुदाय के लोगों को निशाना बनाया है. बीजेपी के इस वीडियो को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी खफा हो गए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए गुस्सा जाहिर किया है.
ओवैसी ने असम भाजपा के वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक्स पोस्ट के जरिए कहा, ''बीजेपी असम ने एक घृणित AI वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें दिखाया गया है कि अगर बीजेपी न होती तो असम में मुस्लिम बहुलता होती. वे सिर्फ वोट लेने के लिए डर फैला रहे हैं और यह हिंदुत्व विचारधारा का असली रूप भी है. उनके लिए भारत में मुस्लिमों का होना ही समस्या है, उनका सपना मुस्लिम-मुक्त भारत है. उनके पास इसके अलावा भारत के लिए कोई और दृष्टिकोण नहीं है.''
बीजेपी ने शेयर किया विवादित वीडियो
दरअसल असम बीजेपी ने AI से बना वीडियो एक्स पर शेयर किया है. उसने इसके कैप्शन में लिखा, 'हम यह सपना पूरा नहीं होने देंगे.' इस AI वीडियो में गुवाहाटी समेत असम की कई जगहों को दिखाया गया है, जिसमें सिर्फ एक विशेष समुदाय है. भाजपा ने वीडियो के जरिए कहा है कि अपना वोट सोच समझकर दें. इसी को लेकर ओवैसी खफा हुए हैं.
बता दें कि बीजेपी ने वीडियो के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा है. इसमें कांग्रेस के नेता राहुल गांधी भी दिखाई दे रहे हैं.
