नई दिल्ली: कठुआ  में आठ साल की बच्ची के साथ हुई रेप और हत्या की घटना के बाद अब जम्मू के बसोली जिले में 12 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना सामने आई है. रेप की यह घटना दो साल पुरानी है. दरअसल, दो साल पहले 12 साल की एक मासूम बच्ची जंगल में बकरियां चराने गयी थी, जहां दूसरे गांव के रहने वाले आरोपी शख्स ने बच्ची को जबरन रोका और उसके साथ रेप किया.

पीड़िता के पेट में गर्भ ठहरने के बाद हुआ रेप की घटना का खुलासा

बताया जा रहा है कि रेप के बाद आरोपी शख्स ने बच्ची को इस घटना के बारे में किसी को बताने के लिए मना किया और बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी. कहा जा रहा है कि जान से मारने की मिली धमकी के बाद बच्ची ने घर में कुछ नहीं बताया. लेकिन 8 महीने बाद जब बच्ची के पेट में गर्भ ठहरने की बात सामने आई तो पिता ने आनन-फानन में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाया.

पीड़िता के पिता का बयान

वहीं इस मामले में लड़की के पिता का बयान भी सामने आया है. पिता के मुताबिक पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने के बाद इंसाफ मिलने की जगह पुलिस ने उन्हें समझाना और धमकाना शुरू कर दिया. पीड़िता के पिता का कहना है कि उनके लगातार दबाव के बाद लड़के का डीएनए टेस्ट भी करवाया गया लेकिन पिता के मुताबिक स्थानीय एसएचओ ने डीएनए की रिपोर्ट को बदल दिया और लड़की को पांच लाख रुपए लेकर केस को रफा-दफा करने की बात कही. पिता के ना मनाने पर उसे धमकाया भी गया. जिस के बाद पीड़िता के पिता ने हार नहीं मनी और वे एसएसपी से लेकर डीआईजी तक भी बेटी को साथ लेकर गए लेकिन उन्हें कही इंसाफ नही मिला.

पीड़िता के पिता ने पुलिस पर लगाया ब्लड सैंपल बदलने का आरोप

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया था और हाई कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी को बेल दे दिया गया. साथ ही हाई कोर्ट ने पुलिस को ये भी निर्देश दिए थे कि आरोपी जांच में सहायता करेगा और उसे इस मामले में गिरफ्तार न किया जाए. पुलिस के मुताबिक इस मामले में पीड़िता, आरोपी और बच्चे की डीएनए सैम्पलिंग की गई. पुलिस का कहना है कि डीएनए जांच की रिपोर्ट में पीड़ित बच्चे की माँ आयी है लेकिन आरोपी उसके पिता हैं यह रिपोर्ट में नहीं आया है. डीएनए की रिपोर्ट को लकर लड़की के पिता सवाल खड़े कर रहे हैं और पुलिस पर ब्लड सैंपल बदलने का आरोप लगा रहे हैं. बता दें की पूरे मामले की सुनवाई और कार्यवाही के दौरान आरोपी की शादी हो चुकी है.