शिमला: बॉलीवुड अभिनेता और गुरदासपुर से बीजेपी के सांसद सनी देओल कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने मंगलवार देर रात यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि देओल पिछले कुछ दिनों से कुल्लू जिले में रह रहे थे.

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक सांसद सनी देओल और उनके दोस्त मुंबई रवाना होने की योजना बना रहे थे, लेकिन मंगलवार को कोविड-19 जांच रिपोर्ट में वे संक्रमित पाए गए.

गौरतलब है कि 64 साल के अभिनेता सनी देओल ने हाल ही में मुंबई में अपने कंधे की सर्जरी कराई थी. इसके बाद वह कुछ समय आराम करने के लिए मनाली के अपने फॉर्म हाउस में गए थे. वह बीते कुछ दिनों से यहीं पर रुके हुए थे.

जानकारी के मुताबिक, आगामी 03 दिसंबर को सनी देओल मनाली से मुंबई वापस जा रहे थे. मुंबई रवाना होने से पहले जब उन्होंने अपना कोरोना टेस्ट कराया, तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है.

हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 के 709 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 41,228 पहुंच गयी है. वहीं राज्य में मंगलवार को संक्रमण के कारण 21 लोगों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या 657 हो गई है.

यह भी पढ़ें-

मौसम विभाग ने की चक्रवात 'बुरेवी' की घोषणा, 4 दिसंबर को इन चार राज्यों में मचा सकता है तबाही

आंदोलन में मोदी सरकार के मंत्री को नज़र नहीं आ रहे किसान, बोले- ये लोग कोई और हैं