नई दिल्ली: अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में कल फिर तीन बच्चों की मौत हो गई. आपको बता दें कि पिछले 5-6 दिनों में 24 नवजात शिशुओं की मौत हो चुकी है. बताया जा रहा है कि दिल की बीमारी और प्रीमैच्योर डिलीवरी की वजह से नवजात की मौत हो रही हैं.

शनिवार को एक ही दिन में 9 बच्चों की मौत को लेकर कांग्रेस ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी की थी. मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों की मौत पर चिंता भी जताई थी लेकिन फिर भी सिविल अस्पताल बच्चों की मौत रोकने में नाकाम ही साबित हो रहा है.

नवजात शिशुओं की मौत को लेकर कल ही 3 सदस्यीय कमेटी ने स्वास्थ्य विभाग को शुरुआती रिपोर्ट सौंपी थी जिसमें अस्पताल को क्लीनचिट दे दी गई थी. अस्पताल को क्लीनचिट भले ही मिल गई हो लेकिन बच्चों की मौत पर ब्रेक नहीं लगने से लोगों के अंदर गुस्सा है. आपको याद दिला दें कि इससे पहले अगस्त में यूपी के गोरखपुर में बीआरडी अस्पताल में बच्चों की मौत को लेकर जमकर बवाल हुआ था.