चंडीगढ़: एक बड़े फेरबदल के तहत हरियाणा सरकार ने आज तत्काल प्रभाव से 19 आईएएस अधिकारियों की तैनाती और तबादले का आदेश जारी किया. आज जारी एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार जिन अधिकारियों का तबादला किया गया उनमें स्वास्थ विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजन कुमार गुप्ता को सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग में राजा शेखर वुंड्रू के स्थान पर एसीएस नियुक्त किया गया है.
एस के गुलाटी को रूप राम जोवेल के स्थान पर वन एवं वन्यजीव विभाग में मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है. रूप राम जोवेल को अमित झा के स्थान पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में एससीएस के पद पर नियुक्त किया गया है.
उद्योग एवं वाणिज्य, इलेक्ट्रोनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभागों के प्रधान सचिव देवेंद्र सिंह को इलेक्ट्रोनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा नागर विमानन विभागों का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है.
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रधान सचिव अमित झा को स्वास्थ्य विभाग का प्रधान सचिव एवं हरियाणा सरस्वती हेरिटेज बोर्ड का सीईओ नियुक्त किया गया है.
हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक तथा हरियाणा वित्त निगम के प्रबंध निदेशक सुधीर राजपाल को देवेंद्र सिंह की जगह उद्योग एवं वाणिज्य विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है.
इसी तरह राजा शेखर वुंड्रू, प्रदीप कासनी, अमनीत पी कुमार, साकेत कुमार, एस एस फुलिया टी एल सत्यप्रकाश, राजीव रतन, अशोक सांगवान, शेखर विद्यार्थी, बृजेंद्र सिंह, विवेक अत्रे और जी गणेशन का भी तबादला किया गया है.
