राजकुमार राव वो एक्टर हैं जो खराब एक्टिंग करते ही नहीं. अक्षय कुमार उन्हें एक्टिंग स्कूल खोलने की सलाह दे चुके हैं, उनकी ये फिल्म देखकर आपको लगता है कि उन्हें हम जितना कमाल का एक्टर समझते थे वो उससे कहीं ज्यादा आगे हैं,. इन दिनों गैंगस्टर फिल्मों की भीड़ लगी हुई है लेकिन उनके बीच मालिक अलग है, खतरनाक है, खौफनाक है और इसकी एक ही वजह है, राजकुमार राव.
कहानी
ये कहानी है दीपक नाम के लड़के की जो एक किसान का बेटा है. पिता खेतों में काम करते हैं और वो कॉलेज में पढ़ता है. फिर कैसे वो गैंगस्टर बनता है, यही फिल्म में दिखाया गया है. कहानी ठीक ठाक है, लेकिन इसका ट्रीटमेंट जबरदस्त है.
कैसी है फिल्म
ये फिल्म देखने की सबसे बड़ी वजह राजकुमार राव हैं और ये वजह अपने आप में बहुत बड़ी है. फिल्म का ट्रेलर बवाल था और फिल्म भी वैसी ही है. राजकुमार की स्क्रीन प्रेजेंस कमाल की है. उनकी डायलॉगबाजी जबरदस्त है, वो स्क्रीन पर खौफ पैदा करते हैं लेकिन वो आपको सही भी लगते हैं. फिल्म के एक्शन सीन एक दम देसी हैं, गोलियां चलती हैं वो लगता है स्क्रीन से बाहर गोली न निकल जाए. फिल्म की लंबाई ठीक है, जबरदस्ती फिल्म को खींचा नहीं गया. राजकुमार और उनकी पत्नी वापा एंगल थोड़ा का कई जगह अखरता है वो भी इसलिए क्योंकि एक्शन सीन बहुत बवाल हैं. लेकिन मालिक की जिंदगी का ये एंगल भी जरूरी है. कुल मिलाकर ये एक देसी गैंगस्टर फिल्म है जो देखकर मजा आता है.
एक्टिंग
राजकुमार राव शानदार हैं, उन्होंने ऐसा किरदार कभी किया ही नहीं. ये उनके लिए इमेज ब्रेकर है और उनकी इमेज अच्छे से टूटी है. उनकी आंखों में गजब इंटेंसिटी दिखती है. इलाहाबाद की भाषा को उन्होंने बड़े कमाल तरीके से पकड़ा है. वो इस फिल्म की जान हैं. मानुषी छिल्लर का काम अच्छा है, सौरभ शुक्ला बढ़िया हैं. सौरभ सचदेवा भी अच्छे लगे हैं हालांकि उनका स्क्रीन स्पेस कम है. प्रोसेनजीत चटर्जी बढ़िया हैं लेकिन उनका रोल भी कम है. अंशुमन पुष्कर ने अच्छा काम किया है, स्वानंद किरकिरे ने बहुत बढ़िया एक्टिंग की है.
राइटिंग और डायरेक्शन
पुलकित और ज्योसना नाथ ने फिल्म लिखी है और पुलकित ने फिल्म को डायरेक्ट किया है और इन दोनों का काम बढ़िया है. कहानी को बिल्कुल देसी अंदाज में दिखाया गया है और यही इस फिल्म की खासियत है. राजकुमार राव का बड़े कमाल तरीके से इस्तेमाल किया गया है और इसके लिए पुलकित की जितनी तारीफ की जाए कम है.
कुल मिलाकर ये फिल्म देखिए, मजा आएगा.
रेटिंग - 3.5 स्टार्स
