दिल्ली चिड़ियाघर में हाल ही में बर्ड फ्लू(H5N1) का मामला सामने आया है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है. चिड़ियाघर में कुछ पक्षियों में इस वायरस की पुष्टि हुई है और प्रशासन ने सुरक्षा उपायों को बढ़ा दिया है. बर्ड फ्लू मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करता है, लेकिन कभी-कभी यह इंसानों तक भी फैल सकता है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है. इससे पहले साल 2016 में इस तरह के मामले सामने आए थे, उस समय 70 से अधिक पक्षियों की मौत हो गई थी.  चलिए आपको बताते हैं कि यह कैसे होता है. 

बर्ड फ्लू क्या है?

बर्ड फ्लू एक वायरल संक्रमण है जो पक्षियों में बहुत तेजी से फैलता है. यह वायरस पक्षियों के शरीर में इंफेक्शन और मौत का कारण बन सकता है. इंसानों में यह इंफेक्शन  आम तौर पर उन लोगों में पाया जाता है जो इंफेक्टेड पक्षियों के सीधे संपर्क में आते हैं, जैसे चिड़ियाघर के कर्मचारियों या चिकन फार्म में काम करने वाले लोग.

इंसानों को खतरा कितना?

सफदरजंग अस्पताल, नई दिल्ली के रेजिडेंट डॉक्टर संजीव कुमार का कहना है कि बर्ड फ्लू का इंसानों में फैलना बहुत कम होता है यानी कि इसका खतरा सीधे तौर पर इंसान को नहीं होता है, लेकिन यह असंभव नहीं है. संक्रमित पक्षियों के सांस लेने, यूरिन या डेड बॉडी के संपर्क में आने से वायरस इंसानों में जा सकता है. इसलिए सुरक्षा उपाय बहुत जरूरी हैं.

लक्षण क्या हो सकते हैं?

अगर इंसान में बर्ड फ्लू होता है, तो शुरुआती लक्षण आम सर्दी-जुकाम जैसी हो सकती हैं.

  • तेज बुखार
  • खांसी और गले में खराश
  • सांस लेने में तकलीफ
  • सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द
  • अगर ये लक्षण दिखें और किसी व्यक्ति का पक्षियों के संपर्क का रिकॉर्ड हो, तो तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए.

क्या आम लोगों को डरना चाहिए?

एक्सपर्ट का कहना है कि अगर लोग सुरक्षा नियमों का पालन करते हैं, तो उन्हें इंफेक्शन का खतरा बहुत कम है. पक्षियों के सीधे संपर्क से बचना, हाथों को बार-बार धोना और बीमार पक्षियों के पास न जाना जरूरी है. दिल्ली चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू फैलने की खबर गंभीर है, लेकिन आम जनता के लिए खतरा सीमित है. सुरक्षा उपायों का पालन और सतर्क रहना ही इसे रोकने का सबसे असरदार तरीका है. अगर कोई व्यक्ति पक्षियों के संपर्क में आने के बाद बीमार महसूस करता है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.

इसे भी पढ़ें- क्या कुर्सी पर कंधे झुकाकर बैठते हैं आप? तुरंत बदल लें यह आदत, वरना गर्दन पर निकल आएगा ऊंट जैसा कूबड़

Disclaimer: खबर में दी गई कुछ जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है. आप किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.