बीजिंग: चीन में हर साल करीब नौ लाख बच्चे किसी ना किसी विकार के साथ पैदा होते हैं. ‘चाइना डिसेबल्ड पर्सन्स फेडरेशन’ के अनुसार 1996 में पैदा हुए प्रति 10 हजार बच्चों में 87 बच्चे किसी न किसी तरह के विकार की चपेट में थे. 2010 में यह आंकड़ा बढ़कर करीब 150 हो गया. बड़ी आबादी के तेजी से वृद्धावस्था की ओर बढ़ने को ध्यान में रखते हुए चीन ने 2016 में दो बच्चे पैदा करने की इजाजत दे दी. इससे पहले दशकों तक एक बच्चे की नीति पर सख्ती से अमल किया गया. राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन आयोग के अनुसार, जो महिलाएं दूसरा बच्चा पैदा करने की इच्छा रखती हैं उनमें से 60 फीसदी की उम्र 35 वर्ष या इससे अधिक है. सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, ज्यादा उम्र में गर्भवती होने वाली महिलाओं का आंकड़ा 2017 से 2020 तक 30 लाख प्रतिवर्ष रहेगा. उसने कहा कि इससे भी आगे पैदा होने वाले बच्चों में विकार होने का जोखिम बढ़ गया है. चीन में 8.5 करोड़ से ज्यादा लोग विकलांग की श्रेणी में आते हैं.