नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के सागर में शुक्रवार रात ट्रेनिंग के दौरान एक विमान हादसा हो गया है, इस हादसे में ट्रेनी पायलट पीयूष चंदेल और ट्रेनर अशोक मकवाना दोनों की मौत हो गयी. हादसे में विमान पूरी तरह से क्षतिग्रस हो गया. जानकारी के मुताबिक खराब मौसम और घना कोहरा होने के कारण पायलट को एयर स्ट्रिप के सिंग्नल नहीं दिखे और विमान पास के खेत में जा गिरा.
विमान हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दुख जताया है. कमलनाथ ने ट्वीट किया, ''प्रदेश के सागर की ढाना हवाई पट्टी पर एक विमान हादसे में दो प्रशिक्षु पायलेट की मौत का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाए. ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें.''
सागर के ढाना एयर स्ट्रिप पर चाईम्स एविएशन एकेडमी चौदह सालों से पायलट की ट्रेनिंग दे रहा है. कुछ साल पहले एक ऐसा ही ट्रेनी विमान जबलपुर के बरगी डैम में गिर गया था. उसहादसे में भी एक ट्रेनी पायलट की मौत हो गई थी.