India PM Holidays: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच यह खबर आ रही है कि डोनाल्ड ट्रंप ने अपना नियमित साप्ताहिक अवकाश रद्द कर दिया है. इसी बीच लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि कि भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कितनी छुट्टियां मिलती हैं? आइए जानते हैं क्या है इस सवाल का जवाब.
भारत में प्रधानमंत्री की छुट्टियां
भारत में ऐसी कोई आधिकारिक नियम पुस्तिका नहीं है जो प्रधानमंत्री के लिए छुट्टियों या फिर अवकाश को परिभाषित करती हो. रेगुलर सरकारी कर्मचारियों के उलट प्रधानमंत्री की भूमिका को एक निरंतर जिम्मेदारी माना जाता है. प्रधानमंत्री को हर समय ड्यूटी पर माना जाता है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिकॉर्ड
आधिकारिक रिकॉर्ड्स के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में पदभार संभाला था और तब से लेकर अब तक उन्होंने एक भी दिन की छुट्टी नहीं ली है. सत्ता में एक दशक से ज्यादा समय के दौरान वे बिना किसी दर्ज अवकाश या फिर ब्रेक के शासन प्रशासन में सक्रिय रूप से लग रहे हैं. इस समय के दौरान उन्होंने 3000 से ज्यादा कार्यक्रमों में भाग लिया है.
लंबे काम के घंटे
सरकारी अधिकारियों की रिपोर्ट और बयानों से पता चलता है कि प्रधानमंत्री अक्सर दिन में 18 से 19 घंटे काम करते हैं. उनके दैनिक कार्यक्रम में बैठक, नीतिगत निर्णय, सार्वजनिक कार्यक्रम और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति शामिल होती है. निजी समय के दौरान भी आधिकारिक जिम्मेदारियां जारी रहती हैं.
त्योहार भी काम का ही हिस्सा
भारत के प्रधानमंत्री के लिए त्योहार और निजी अवसर सामान्य छुट्टियां नहीं होते हैं. सैनिकों के साथ दिवाली मनाने या फिर सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने जैसे आयोजनों को आधिकारिक कर्तव्यों का ही हिस्सा माना जाता है.
यह बात सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक ही सीमित नहीं है. मनमोहन सिंह सहित दूसरे पूर्व प्रधानमंत्रियों के बारे में भी यही बात जानी जाती है कि उन्होंने बिना किसी आधिकारिक रूप से दर्ज छुट्टी के अपना पूरा कार्यकाल पूरा किया है.
अमेरिकी राष्ट्रपति की तुलना में स्थिति
अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यक्रम में निर्धारित ब्रेक या फिर सप्ताहांत शामिल हो सकते हैं, लेकिन संकट के समय इनमें अक्सर बाधा आ जाती है. यह प्रणाली किसी ना किसी रूप में आराम के समय को मान्यता देती है. दूसरी ओर भारतीय व्यवस्था में प्रधानमंत्री की भूमिका को ऐसा माना जाता है जो कभी रुकती नहीं है.
यह भी पढ़ें: कौन है ग्रीन सान्वी जहाज का मालिक, जो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से LPG लेकर आ रहा भारत; यह कितना पुराना?
