हम सभी बाल कटवाने के बाद उन्हें बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन कटे हुए बाल भी बेहद काम आ सकते हैं . सलून में भी हर दिन काफी मात्रा में बाल निकलते हैं और उन्हें कूड़े में डाल दिया जाता है. लेकिन गुरुग्राम के एक फाउंडर ने इन्हीं बेकार बालों का ऐसा इस्तेमाल ढूंढा है , जिसके बारे में शायद ही किसी ने सोचा होगा यहां सलून से निकलने वाले बालों को फेंकने के बजाय उनसे खास तरह के मैट तैयार किए जा रहे हैं. इन मैट का इस्तेमाल गंदे पानी और नालों में किया जा रहा है. आइए जानते हैं आखिर बालों से बने ये मैट कैसे काम करते हैं.

Continues below advertisement

सलून से इकट्ठे किए जाते हैं बाल

इस काम के लिए सलून से निकलने वाले बालों को इकट्ठा किया जाता है. आमतौर पर ये बाल कूड़े में फेंक दिए जाते हैं, लेकिन अब इन्हें जमा करके साफ किया जाता है और फिर खास तरीके से मैट तैयार किए जाते हैं. इन मैट का इस्तेमाल गंदे पानी और नालों में किया जाता है. इससे एक तरफ सलून का कचरा कम होता है और दूसरी तरफ बालों का दोबारा इस्तेमाल भी हो जाता है.

बालों से कैसे साफ होता है गंदा पानी?

बालों की एक खासियत होती है कि वे तेल को अपनी तरफ खींच सकते हैं. इसी वजह से इनका इस्तेमाल मैट बनाने में किया जाता है. जब इन मैट को गंदे पानी में लगाया जाता है तो पानी में मौजूद तेल, ग्रीस और कुछ दूसरी गंदगी इसमें फंसने लगती है. हालांकि, सिर्फ इन मैट से पूरा पानी साफ नहीं होता, बल्कि यह पानी की सफाई में मदद करने वाला एक तरीका है.

Continues below advertisement

यह भी पढ़े : गैस सिलेंडर में आग लग जाए तो क्या करें, बड़े काम के हैं ये सेफ्टी टिप्स

गुरुग्राम में किया गया टेस्ट

इस आइडिया का गुरुग्राम के एक नाले में टेस्ट भी किया गया. यहां गंदे पानी में बालों से बने मैट लगाए गए और इसके पहले और बाद में पानी की जांच की गई. टेस्ट में पानी की क्वालिटी में कुछ सुधार देखने को मिला और कुछ प्रदूषकों का स्तर भी कम हुआ. हालांकि, इसे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट यानी STP का विकल्प नहीं माना जा सकता. बड़े स्तर पर इस्तेमाल से पहले इस पर और टेस्ट करना जरूरी है.

700 से ज्यादा सलून से जुड़ने का दावा

फाउंडेशन की ओर से बताया गया है कि इस काम के लिए 700 से ज्यादा सलून से बाल इकट्ठा किए जा रहे हैं. सलून से निकलने वाले बालों को कूड़े में जाने से रोककर उनका इस्तेमाल मैट बनाने में किया जाता है. इस तरह रोज निकलने वाले बालों को एक नई चीज में बदला जा रहा है. यह तरीका कचरा कम करने के साथ पर्यावरण के लिए भी एक अच्छा कदम हो सकता है.

इस्तेमाल के बाद मैट का क्या होता है?

गंदे पानी में इस्तेमाल होने के बाद मैट में तेल और दूसरी गंदगी जमा हो जाती है. इसलिए इसके बाद मैट का सही तरीके से निपटारा करना भी जरूरी है. इसमें किस तरह की गंदगी जमा हुई है, उसी के हिसाब से इसे डिस्पोज किया जाता है. अगर इसमें खतरनाक पदार्थ जमा हैं तो इन्हें अलग तरीके से संभालना पड़ता है. यानी इस पूरे काम में मैट बनाने के साथ उसके इस्तेमाल के बाद की प्रक्रिया का ध्यान रखना भी जरूरी है.

यह भी पढ़े : क्या मनी प्लांट घर में रखने से सच में आता है पैसा? जानें सच