अमेरिकी एजेंसी CIA के लिए जासूसी करती थी भारत की यह रानी, जानें कैसे पकड़ी गई थी?
होप कुक सिक्किम की महारानी बनीं तो उन पर सीआईए के लिए जासूसी करने के आरोप लगे. उनके बयानों से संदेह बढ़ा. जनता ने विरोध किया और 1973 में वे अमेरिका लौट गईं. 1975 में सिक्किम भारत का हिस्सा बन गया.

सिक्किम के महारानी रह चुकी अमेरिकी महिला होप कुक की कहानी किसी जासूसी थ्रिलर से कम नहीं है. 70 के दशक में उन पर आरोप लगा कि वह भारत के खिलाफ सीआईए के लिए काम कर रही थीं और सिक्किम को भारत से अलग करने की कोशिश कर रही थीं. उनकी इस भूमिका ने सिक्किम की राजनीति को हिला कर रख दिया और आखिरकार यह पहाड़ी रियासत भारत का हिस्सा बन गई थी .
कैसे बनी अमेरिकी महिला सिक्किम की महारानी?
न्यूयॉर्क में पली बढ़ी होप कुक की 1959 में सिक्किम के युवराज पाल्देन थोंडुप नामग्याल से पहली मुलाकात दार्जिलिंग में हुई. उस समय होप महज 19 साल की थी, जबकि युवराज की उम्र 36 साल और वह तीन बच्चों के पिता थे. दोनों के नजदीकियां बढ़ीं और 1963 में भव्य समारोह में उनकी शादी हो गई. इसके बाद होप ने अमेरिकी नागरिकता छोड़ दी और सिक्किम की महारानी बन गईं.
होप के महारानी बनने के बाद बढ़ा विवाद
शादी के बाद होप कुक महल के फैसलों में दखल देने लगी. विदेशी पत्रकारों को दिए इंटरव्यू में वह अक्सर सिक्किम को भारत के दबाव का विरोध करने वाला राष्ट्र बताती थीं. इतना ही नहीं वह अपने पति यानी राजा को भारत से दूरी बनाने और स्वतंत्र पहचान की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करती थीं. इस वजह से भारतीय खुफिया एजेंसियों को शक हुआ कि उनका सीधा संबंध सीआईए है. इसके अलावा 1960 और 70 के दशक में होप कुक से मिलने विदेशी मेहमानों की भीड़ लगने लगी थी. अमेरिकी राजदूत से लेकर कांग्रेस के सांसद तक उनसे मिलने गंगटोक पहुंचते थे. इसके अलावा उन्होंने एक लेख में दार्जिलिंग को सिक्किम का हिस्सा बात कर भारत के अधिकार पर सवाल उठाए. इसके बाद उन पर सीआईए एजेंट होने की चर्चा तेज हो गई. भारतीय मीडिया ने उन्हें जासूस रानी कहना शुरू कर दिया.
जनता का गुस्सा और रानी की वापसी
रानी के लेख के बाद उनका लगातार विरोध होने लगा था. धीरे-धीरे सिक्किम की जनता खासकर नेपाली मूल की आबादी महारानी से नाराज हो गई. लोग मानने लगे कि महल भारत विरोधी हो चुका है. 1973 तक पूरे सिक्किम में राजशाही के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गए. इसके बाद दबाव बढ़ने लगा और 14 अगस्त 1973 को होप कुक सिक्किम छोड़कर अमेरिका चली गईं और कभी वापस सिक्किम नहीं लौटी. 1975 में जनमत संग्रह के बाद सिक्किम को भारत का 22 वां राज्य बनाया गया.
ये भी पढ़ें-नेपाल में कितने हिंदू और कितने मुस्लिम? जान लें आबादी से लेकर हर धर्म के बारे में
Source: IOCL



























