बॉलीवुड एक्टर सनी देओल (Sunny Deol) आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं. सनी देओल आज 64 साल के हो गए हैं. सनी देओल को हर तरफ से जन्मदिन की बधाइयां मिल रही हैं. वहीं क्रिकेटर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने भी सनी देओल (Sunny Deol Birthday) को सोशल मीडिया के जरिए एक खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है.

आपको बता दें, युवराज सिंह का सनी देओल के जन्मदिन पर उनका ट्वीट खूब वायरल हो रहा है. यही नहीं, इस पर सनी देओल का बहुत ही मजेदार रिप्लाई भी आया है. युवराज सिंह ने सनी से एक स्पेशल डिमांड भी कर डाली है. सोशल मीडिया पर युवराज सिंह का ये मजेदार ट्वीट लोगों को काफी पसंद आ रहा है.

युवराज सिंह ने सनी देओल को विश करते हुए लिखा, 'जन्मदिन मुबारक हो सनी देओल पाजी! उम्मीद है आप ठीक-ठाक और सुरक्षित होंगे...बचपन से ही आप की फिल्मों को पसंद करता आया हूं और कामना करता हूं कि आप हमेशा इस तरह सफलता हासिल करते रहें. वैसे वो ढाई किलो का हाथ अब 2020 पे मार ही दो...'

सनी देओल ने युवराज सिंह के इस ट्वीट का रिप्लाई करते हुए लिखा है, 'शुक्रिया युवराज सिंह. 2020 में ढाई किलो के हाथ से ज्यादा ताकतवर मास्क है.' इस पर युवराज ने कहा है कि एकदम सच. आपको बता दें कि सनी देओल ने साल 1983 में फिल्म बेताब से बॉलीवुड में कदम रखा था. इस फिल्म में उनके साथ अमृता सिंह मुख्य भूमिका में थीं. फिल्म बेताब के बाद सनी देओल ने बॉलीवुड की कई शानदार फिल्मों में अभिनय किया और फिल्मी पर्दे पर अपनी खास छाप छोड़ी.