एक्ट्रेस माला सिन्हा (Mala Sinha) बचपन से ही सुपरस्टार राज कपूर (Raj Kapoor) की बहुत बड़ी फैन थीं. जब उन्हें पहली बार राज कपूर के साथ फिल्म 'परवरिश' में काम करने का मौका मिला तो उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं था. शूटिंग के पहले ही दिन माला को राज कपूर के साथ एक लंबा शॉट शूट करना था, जिसकी वजह से वो काफी नर्वस थीं. माला सिन्हा को जब सेट पर बुलाया गया तो उन्होंने देखा कि कैमरे का पूरा फोकस राज कपूर के ऊपर है जबकी उस पूरे सीन मे डायलॉग्स सिर्फ माला को ही बोलने थे. जब राज कपूर सेट पर आए और उन्हें सीन के बारे में बताया गया तो उन्होंने डायरेक्टर एस बनर्जी को अपने पास बुलाया और कहा कि 'अगर आप हर वक्त मुझपर ही कैमरा रखेंगे तो माला सिन्हा के एक्सप्रेशन कैसे दिखाई देंगे'.

राज कपूर ने कहा कि 'ये पूरा सीन माला का है, उनके ही डायलॉग हैं, तो कैमरा फोकस भी उन्हीं पर होना चाहिए, मुझपर नहीं'. जब माला सिन्हा ने राज कपूर की ये बातें सुनी तो राज कपूर के लिए उनके दिल में और भी सम्मान जाग उठा. माला को एहसास हुआ कि राज कपूर ऐसे स्टार हैं जो अपने स्टारडम का फायदा नहीं उठाते और नए कलाकारों को भी आगे बढ़ने का मौका देते हैं.