सदी के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) ने अपने करियर में बहुत सी बेहतरीन फिल्मों में काम किया है और अभी भी कर रहे हैं. बिग बी के साथ काम करना हर कलाकार का सपना है लेकिन एक एक्टर ऐसा भी है जिन्होंने 18 सालों तक अमिताभ के साथ काम नहीं किया था. उनका नाम है डैनी डेंजोंगप्पा (Danny Denzongpa).
ऐसा नहीं है कि डैनी और अमिताभ के बीच कोई मनमुटाव था. दरअसल, जब भी डैनी को अमिताभ के साथ कोई फिल्म ऑफर होती थी तो डैनी को लगता था कि अमिताभ के सामने उनकी पर्सनालिटी फीकी पड़ जाएगी. अगर फिल्म हिट हुई तो पूरा क्रेडिट अमिताभ को मिलेगा. उस वक्त अमिताभ बच्चन सुपरस्टार बन चुके थे और उनका बड़ा नाम हो चुका था. ये सिलसिला 18 सालों तक चलता रहा, डैनी को अमिताभ के साथ फिल्म का प्रस्ताव मिलता रहा और वो उन्हें रिजेक्ट करते रहे.
आखिरकार, 18 सालों के लंबे वक्त के बाद मुकुल आनंद के डायरेक्शन में बनने वाली फिल्म 'हम' के लिए डैनी ने हां कह दी. इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और डैनी डेंजोंगप्पा के अलावा गोविंदा, रजनीकांत, अन्नू कपूर, कादर खान, अनुपम खेर, किमि काटकर जैसे सितारों ने भी दमदार अभिनय किया.
