रिएलिटी शो 'बिग बॉस' सीजन 12 में आज इस हफ्ते का दूसरा वीकेंड का वार एपिसोड टेलीकास्ट होगा. शनिवार को कंटेस्टेंट्स की हरकतों का हिसाब लेने के बाद आज सलमान इस हफ्ते घर से बेघर होने वाले कंटेस्टेंट के नाम की घोषणा करेंगे. इसके अलावा आज के एपिसोड में श्रीसंत और रोमिल के बीच सुल्तानी अखाड़ा जंग भी देखने को मिलेगी.

इस हफ्ते जोड़ियों के ब्रेकअप के वक्त ही नॉमिनेशन प्रक्रिया को अंजाम दे दिया गया था. कंटेस्टेंट्स ने आपसी सहमति से करणवीर, जसलीन, सृष्टि, उर्वशी, सबा और सौरभ को घर से बाहर होने के लिए नॉमिनेट किया था. शनिवार को सलमान खान ने यह एलान किया कि सबसे ज्यादा वोट मिलने के चलते करणवीर और सृष्टि घर से बेघर होने से बच गई हैं.

सलमान खान के इस एलान के बाद साफ हो गया कि अब रविवार को उर्वशी, सबा, सौरभ या जसलीन में से कोई एक कंटेस्टेंट घर से बेघर होगा. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सौरभ सबसे कम वोट मिलने के चलते इस हफ्ते घर से बाहर हो गए हैं.

इविक्शन के एलान के अलावा आज बिग बॉस के घर में श्रीसंत की पत्नी, दीपिका के पति और सृष्टि के ब्वॉयफ्रेंड भी गेस्ट बनकर आएंगे. चैनल की ओर से कंटेस्टेंट्स के घरवालों का जो प्रोमो जारी किया गया है उससे साफ हो गया है कि आज का वीकेंड का वार एपिसोड काफी धमाकेदार होने वाला है.