टेलीविजन एक्ट्रेस रश्मि देसाई ने बिग बॉस 13 में शानदार एंट्री की है. इस सीजन में सभी की नजरें रश्मि पर ज्यादा रहने वाली हैं. दरअसल खबरें आई कि रश्मि बिग बॉस के घर में अरहान खान के साथ शादी भी कर सकती हैं. इस खबरों को रश्मि ने सिरे से खारिज कर दिया है.

रश्मि देसाई ने 'बिग बॉस' के घर के अंदर उनके शादी करने की अफवाहों को बकवास बताया है. शो का पहला एपिसोड रविवार को प्रसारित हुआ था. रश्मि ने जहां रविवार को घर के अंदर प्रवेश किया है, वहीं ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि अरहान भी कुछ सप्ताह के बाद कथित तौर पर घर में प्रवेश करेंगे.

इस बारे में रश्मि ने मीडिया से कहा, "मैं वास्तव में जानना चाहती हूं कि ऐसी अफवाहें कौन फैला रहा है. मैं जिम्मेदार महिला हूं और मुझे पता है कि निर्णय कैसे लिया जाता है. मुझे समझ नहीं आता है कि आखिर कुछ लोग ऐसा क्यों करते हैं. यह बहुत ही बकवास अफवाह है. शादी काफी खूबसूरत चीज होती है. अगर मैं शादी करती हूं, तो मैं लोगों को अच्छी तरह से सूचित करुंगी. मैं कोई अपराध नहीं कर रही हूं."

वहीं घर में प्रवेश करने को लेकर रश्मि ने बताया कि वे काफी घबराई हुई हैं, वहीं वह उत्साहित भी हैं. हालांकि अभिनेत्री ने यह भी बताया कि घर के अंदर जाना आसान नहीं था.

रश्मि ने कहा, "वहां जाना आसान नहीं होगा, लेकिन मेरा मानना है कि मेरी यात्रा मजेदार होगी. इस शो के प्रतिभागी रह चुके लोगों ने बताया कि जब आप शो में जाओगी तो आप अपने मूड स्वींग्स और अपनी भावनाओं पर काबू करना सीख जाओगी. मेरे ख्याल से वो शानदार चीज होगी. ये आपको मजबूत इंसान बनाएगी."

घर के अंदर नए दोस्त बनाने के सवाल पर रश्मि ने कहा, "वहां मैं उनसे मिलने वाली हूं, जिन्हें मैं नहीं जानती हूं और न जिनसे मैंने पहले कभी बात की है. ऐसे में मुझे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं है कि वहां मेरे नए दोस्त बनेंगे या नहीं."