बिग बॉस ने घरवालों को दिया लग्जरी बजट जीतने का एक और मौका, जीतनी होगी ये टास्क
एबीपी न्यूज | 13 Dec 2018 02:55 PM (IST)
बिग बॉस 12: बिग बॉस ने इस हफ्ते दूसरी बार घरवालों को लग्जरी बजट हासिल करने का मौका दिया है.

रिएलिटी शो 'बिग बॉस 12' में इस हफ्ते की नॉमिनेशन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. नॉमिनेशन प्रक्रिया के पूरा होने से पहले बिग बॉस ने फैमिली वीक के दौरान घरवालों को लग्जरी बजट हासिल करने का एक मौका दिया था. लेकिन घर वाले टास्क को पूरा करने में कामयाब नहीं हो पाए. अब घरवालों को बिग बॉस ने लग्जरी बजट हासिल करने के लिए एक और मौका देने का फैसला किया है. लग्जरी बजट जीतने के लिए घरवालों को बिग बॉस के दिए गए तीखे सवालों का सामना करना होगा. लग्जरी बजट टास्क के लिए घरवालों को बिग बॉस के लगाए गए इल्जामों पर भी जवाब देना होगा. इस टास्क के लिए घरवालों को दो टीमों में बांटा गया है. एक टीम की अगुवाई श्रीसंत कर रहे हैं और उन्हें रोहित, दीपिका और सोमी का साथ मिला है, जबकि करणवीर की टीम में दीपक ठाकुर और रोमिल होंगे. इस टास्क के लिए सुरभि को संचालक बनाया गया है और विजेता का फैसला करने का अधिकार भी सुरभि के पास ही होगा. इससे पहले नॉमिनेशन टास्क के दौरान भी बिग बॉस बड़ा ट्विस्ट लेकर आए और सिर्फ तीन कंटेस्टेंट्स ही घर से बेघर होने के लिए नॉमिनेट हुए. नॉमिनेशन टास्क के बाद साफ हो गया है कि इस हफ्ते सोमी, रोहित और करणवीर में से किसी एक का बिग बॉस 12 के घर में सफर खत्म होने जा रहा है.