टीवी के सबसे मशहूर रिएलिटी शो 'बिग बॉस' सीजन 12 की शुरुआत होने में कुछ घंटे बाकी है. इस शो की पहचान घर में रहने वाले कंटेस्टेंट्स के बीच होने वाले झगड़ों के लिए भी है. लेकिन मेकर्स ने इस सीजन का जो प्रोमो जारी किया है उसे देखकर तो लगता है कि यह सीजन झगड़ों के मामले में पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ने वाला है.
दरअसल कलर्स टीवी की ओर से शो का एक प्रोमो जारी किया गया है. इस प्रोमो में दिखाया गया है कि नए सीजन के कुछ कंटेस्टेंट्स बिग बॉस के घर में एंट्री पा चुके हैं. इतना ही नहीं ये ट्वीट करते हुए जानकारी दी गई है कि ''शो से पहले ही शुरू हो गया है बिग गेम, क्योंकि कंटेस्टेंट्स ने कर ली है बिग बॉस के आउट हाउस में एंट्री, देखिए क्या होगा कल रात 9 बजे.''
इस ट्वीट के साथ मेकर्स ने जो प्रोमो जारी किया है उसमें बिग बॉस के आउट हाउस में पहुंचे कंटेस्टेंट्स झगड़ा करते हुए दिखाई दे रहे हैं. इनके झगड़े को देखकर सलमान खान कहते हुए दिख रहे हैं कि सीजन की शुरुआत होने दो.
बता दें कि इस सीजन में कई बड़े बदलाव भी देखने को मिलेंगे. पहला तो इस बार सेलिब्रिटी और कॉमनर्स कंटेस्टेंट को जोड़ियों के रूप में बिग बॉस के घर में एंट्री दी गई है. दूसरा मेकर्स ने यह भी बता दिया है कि बिग बॉस 12 रात 10.30 बजे की बजाए रात 9 बजे ही टेलीकास्ट होगा.
